2027 Triumph Tiger 1200 लॉन्च, 156 BHP की पावर के साथ मिलेगी रडार टेक्नोलॉजी
Triumph Motorcycles ने अपनी एडवेंचर मोटरसाइकिल 2027 Triumph Tiger 1200 का अपडेटेड वर्जन पेश कर दिया है. ये बाइक अब 156 बीएचपी की पावर के साथ आ रही है और इसमें सेमी-एक्टिव सस्पेंशन, ऑटोमैटिक सीट लोअरिंग सिस्टम के साथ रडार-बेस्ड राइडर असिस्टेंस फीचर्स जोड़े गए हैं. कंपनी का दावा है कि ये अपडेटेड मॉडल न सिर्फ ज्यादा पावरफुल है, बल्कि राइड को आसान और एडवांस्ड बनाएगा.
भारत में ये बाइक मार्च 2027 से उपलब्ध होने की उम्मीद है. जीटी प्रो और रैली एक्सप्लोरर नाम के दो वेरिएंट्स में लॉन्च होने वाली इस बाइक को एडवेंचर सेगमेंट में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. ट्रायम्फ के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर स्टीव सार्जेंट ने कहा है कि ये टाइगर 1200 के लिए एक रियल स्टेप चेंज है. ज्यादा पावरफुल, ज्यादा एक्सेसिबल और ज्यादा एडवांस्ड, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इसे चलाना बेहद मजेदार है. आइए पूरी डिटेल्स के बारे में जानते हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
1,200 सीसी टी-प्लेन ट्रिपल-सिलेंडर इंजन अब 9,250 आरपीएम पर 158 पीएस (156 बीएचपी) पावर देता है, जो पिछले मॉडल से 8 पीएस ज्यादा है. सिलेंडर हेड, पिस्टन, वाल्व और फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम में बदलाव किए गए हैं. गियरबॉक्स और शाफ्ट ड्राइव में भी सुधार किए गए हैं, ताकि राइडिंग ज्यादा स्मूथ रहे. लो रेव्स पर टॉर्क बढ़ने से क्रॉल स्पीड 6 किमी प्रति घंटा कम हो गई है, जिससे ट्रैफिक और तंग जगहों में कंट्रोल बेहतर होता है.
सस्पेंशन और व्हील्स
बाइक में शोवा ईईआरए हाइटफ्लेक्स सेमी-एक्टिव सस्पेंशन मिलता है, जिसमें फर्म, मीडियम और सॉफ्ट डंपिंग सेटिंग्स हैं. ऑटोमैटिक राइड-हाइट फंक्शन बाइक रुकने पर सीट को 30 मिमी नीचे कर देता है और चलने पर वापस ऊंचाई पर ले आता है. ट्विन-पोजिशन सीट एडजस्टमेंट और ऑप्शनल लो सीट के साथ स्टैंडस्टिल पर सीट हाइट 790 मिमी तक जा सकती है.
सेंटर स्टैंड असिस्ट भी उपलब्ध है. दोनों वेरिएंट्स में 19 इंच फ्रंट और 17 इंच रियर व्हील्स तथा 200 मिमी सस्पेंशन ट्रैवल है. जीटी प्रो में कास्ट एल्युमिनियम व्हील्स जबकि रैली एक्सप्लोरर में साइड-लेस्ड स्पोकड व्हील्स दिए गए हैं. ब्रेम्बो स्टाइल में ब्रेक्स और मॉडल के अनुसार आठ तक राइडिंग मोड्स उपलब्ध हैं.
रडार टेक्नोलॉजी और कनेक्टिविटी
7-इंच का एचडी टचस्क्रीन वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट करता है. कूल्ड फोन कम्पार्टमेंट में यूएसबी-सी चार्जिंग और एडाप्टिव एलईडी कॉर्नरिंग हेडलाइट भी मौजूद है. फ्रंट और रियर बोश रडार सिस्टम से एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, इमरजेंसी ब्रेक असिस्टेंस, ब्लाइंड-स्पॉट असिस्टेंस, रियर-डिस्टेंस वार्निंग और ग्रुप राइड असिस्ट जैसे फीचर्स मिलेंगे. ये मौजूदा कॉर्नरिंग एबीएस और ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ काम करेंगे.
भारत के लिए वेरिएंट्स
जीटी प्रो में 20 लीटर फ्यूल टैंक है, जबकि रैली एक्सप्लोरर में लंबी यात्राओं के लिए 30 लीटर टैंक दिया गया है. दोनों में रीडिज़ाइंड बॉडीवर्क, मोटे फोम वाले रिवाइज्ड सीट्स, हीटेड सीट्स और थ्री-स्टेज हीटेड ग्रिप्स मिलते हैं.
