मौदहा कस्बे के कुम्हरौड़ा मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय युवक ने दीपावली की रात घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे फंदे पर लटकता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को नीचे उतार लिया।
कुम्हरौड़ा मोहल्ला निवासी कालीचरण का पुत्र अंकित गुजरात के सूरत में एक फैक्टरी में काम करता था। दीपावली की छुट्टी पर वह घर आया हुआ था। रविवार रात उसने घर के अंदर फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे लटकता देखा तो आनन-फानन नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक तीन भाइयों में एक था। उसके पिता कालीचरण टीवी मैकेनिक हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।