Hardoi News:बंद मकान से 13 लाख रुपये और जेवर चोरी – Rs 13 Lakh And Jewellery Stolen From A Locked House
शाहाबाद। मेडिकल स्टोर मालिक के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर यहां से 13 लाख रुपये और जेवर चोरी कर ले गए। घटना शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे हुई। हालांकि सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिल गए हैं। शक की सुई परिवार के ही आस पास घूम रही है।
नगर के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी अरुण गुप्ता गोरक्षा प्रमुख हैं। ब्लाक के पास उनका मेडिकल स्टोर है। उन्होंने बताया कि उनका नया मकान बरुआ बाजार में ही बन रहा है। शुक्रवार शाम सारे परिजन नए मकान में आयोजित कथा सुनने के लिए गए थे। शाम को लगभग 5:30 बजे उनकी मां सावित्री गुप्ता घर पहुंचीं तो बाहर का दरवाजा सामान्य तौर पर बंद मिला। अंदर के दो कमरों के दरवाजे खुले पड़े मिले थे और सामान बिखरा पड़ा था। दावा है कि घर में रखे 13 लाख रुपये और जेवर चोरी हो गए हैं। घटना का पता चलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मोहल्ले के लोगों की भी भीड़ लग गई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। दावा किया कि परिवार के करीबियों के आस पास ही पूरी घटना घूम रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
