शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Etah News:दीपोत्सव की खरीदारी से बाजार गुलजार, उमड़ी ग्राहकों की भीड़ – Markets Buzz With Deepotsav Shopping As Crowds Of Customers Flock In
एटा

Etah News:दीपोत्सव की खरीदारी से बाजार गुलजार, उमड़ी ग्राहकों की भीड़ – Markets Buzz With Deepotsav Shopping As Crowds Of Customers Flock In

November 9, 2026


एटा। दिवाली की खुशियां बाजारों में दिख रही है। दीपोत्सव से पहले शनिवार को शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए जमकर भीड़ उमड़ी। सुबह से शुरू हुआ ग्राहकों के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। किसी ने घर को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीपक और मोमबत्तियां खरीदीं तो कोई मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियों के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी करता नजर आया। त्योहार को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे।

घंटाघर, मेनगंज, बाबूगंज, गांधी मार्केट और हाथी गेट समेत शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर रौनक रही। दुकानों पर लक्ष्मी-गणेश की आकर्षक मूर्तियां सजी रहीं। इसके अलावा खील-बताशे, धूप-अगरबत्ती, रोली, चंदन, कलावा, पूजा की थाली, मिट्टी के दीपक और मोमबत्तियों की खूब बिक्री हुई। दिवाली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए लोगों ने झालर, रंग-बिरंगी लाइटें और सजावटी सामान भी खरीदा।

फूलों की बढ़ी मांग, कीमतों में भी उछाल

दिवाली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के साथ पूजा-अर्चना के लिए फूलों की मांग भी बढ़ गई है। बाजार में दिल्ली, आगरा और बरेली से आए फूलों की दुकानें सजी रहीं। गेंदा, गुलाब और गुलदाउदी की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। फूल विक्रेता अर्जुन कुशवाह ने बताया कि इस बार फूलों के दाम पिछले दिनों की अपेक्षा अधिक हैं, लेकिन त्योहार के चलते बिक्री अच्छी हो रही है। बाजार में गेंदा 220 रुपये, गुलाब 630 रुपये और गुलदाउदी 400 रुपये प्रति किलो बिक रही है। वहीं गेंदा की माला 80 रुपये और गुलाब की माला 260 से 450 रुपये तक में उपलब्ध है।

—

मिठाइयों और सराफा बाजार में भी रौनक

दिवाली पर मेहमानों के स्वागत और उपहार देने के लिए लोगों ने मिठाइयों की भी खूब खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वहीं सराफा बाजार में भी चहल-पहल दिखाई दी। लोगों ने शुभ अवसर पर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य वस्तुओं की खरीदारी में रुचि दिखाई। घरों में साफ-सफाई के बाद रंगोली बनाने और आकर्षक सजावट की तैयारियां भी अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।

बाबूगंज स्थित सराफा बाजार से खरीदारी करते लोग। संवाद

बाबूगंज स्थित सराफा बाजार से खरीदारी करते लोग। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X