एक चिंगारी ने छीन ली तीन पीढ़ियों की खुशियां:लुधियाना में काल बना पटाखा, इकलौते बेटे की मौत से पसरा मातम – Firecracker Turned Fatal Death Of Only Son Ludhiana
गुरुसर सुधार नई आबादी अकालगढ़ के प्रतिष्ठित कारोबारी और आरती स्टोर के मालिक सुरेश कुमार मित्तल के परिवार के लिए दीपावली की खुशियां गम में बदल गई। पटाखे से हुए हादसे में उनके साढ़े 14 वर्षीय साकित मित्तल (गगन) की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और इलाके में मातम पसर गया।
दरअसल सुरेश कुमार मित्तल अपने परिवार के साथ दीपावली की पूजा-अर्चना करने के लिए अपने बड़े भाई राज कुमार मित्तल के नए विशाल आवास पर पहुंचे थे। दोनों परिवारों ने एक साथ दीपावली मनाने की तैयारी की थी। घर में पूजा हुई, दीप जलाए गए और त्योहार की खुशियां मनाई जाने लगीं।
दीपावली के जश्न के दौरान आसमान में एक साथ कई रंगीन शॉट्स छोड़ने वाले बड़े पटाखे चलाए जा रहे थे। इसी दौरान साकित ने एक बड़े पटाखे को जलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं चला। कुछ देर बाद उसने दूसरा पटाखा जलाने की कोशिश की। इसी बीच पहले से नहीं चला पटाखा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। उस समय साकित झुककर पटाखे के पास था और धमाके की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी गर्दन पर अत्यंत गंभीर चोट आई।
अचानक हुए इस धमाके से परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में साकित को लेकर स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक डॉ. सरबजीत सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौता बेटा था साकित
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि साकित सुरेश मित्तल के इकलौते बेटे प्रदीप मित्तल का इकलौता बेटा था। परिवार की तीन पीढ़ियों की उम्मीदें और खुशियां उससे जुड़ी थीं। दादा का वह लाडला था वहीं पिता प्रदीप मित्तल की जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा और अरमानों का केंद्र भी था।
घर शोक जताने वालों का तांता
सुरेश कुमार मित्तल केवल एक प्रतिष्ठित कारोबारी के रूप में ही नहीं, बल्कि एक समाजसेवी के रूप में भी इलाके में पहचान रखते हैं। उनके परिवार पर आई इस असहनीय विपत्ति की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिचितों, रिश्तेदारों, व्यापारिक वर्ग और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का परिवार के घर पहुंचकर दुख व्यक्त करने का सिलसिला शुरू हो गया।
हर कोई इस सवाल से स्तब्ध है कि आखिर जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाने के लिए दो परिवार एकत्र हुए थे, वहां कुछ ही क्षणों में इतना बड़ा मातम कैसे छा गया। परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे लोगों के पास भी शब्द कम पड़ रहे हैं।
