शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमृतसर

Amritsar News:सोने के 1400 ग्राम के लेन-देन में खूनी झड़प, फायरिंग में युवक की मौत, एएसआई को भी लगीं दो गोलियां – One Dead, Asi Injured In Dispute Over Gold Transaction

November 9, 2026


अमृतसर में दिवाली की रात दो गुटों के बीच हुई फायरिंग, पुलिस के पहुंचते ही एक पक्ष ने चलाईं गोलियां

संवाद न्यूज एजेंसी

अमृतसर। सोने के 1400 ग्राम के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद दिवाली की रात खूनी झड़प में बदल गया। अमृतसर में दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मौके पर पहुंचे थाना बी डिवीजन के एएसआई हरनेक सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके पैर में दो गोलियां लगी हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सुल्तानगंज रोड निवासी दोनों पक्षों के दो-दो सगे भाई हैं और चारों पहले दोस्त थे। आरोप है कि प्रताप सिंह ने दूसरे पक्ष को 1400 ग्राम सोना दिया था। सोना वापस करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। कई गणमान्य लोगों ने बीच-बचाव कर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।

दिवाली की रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। इसके बाद एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी रविंदर सिंह के अनुसार, एएसआई हरनेक सिंह के पहुंचते ही एक पक्ष के व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। एएसआई ने आरोपी को पकड़ लिया लेकिन इस दौरान उन्हें दो गोलियां लग गईं।

फायरिंग में प्रताप सिंह को भी दो गोलियां लगीं। एक गोली छाती और दूसरी बाजू में लगी। गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि थाना बी डिवीजन पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई है। फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X