Nainital News:आतिशबाजी पड़ी भारी, पटाखाें की चपेट में आकर 17 लोग झुलसे – Fireworks Prove Costly; 17 People Suffer Burns From Firecrackers
रुद्रपुर। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान लापरवाही लोगों पर भारी पड़ गई। पटाखे जलाते समय हुए हादसों में ऊधमसिंह नगर जिले में करीब 17 लोग आग की चपेट में आ गए। इनमें रुद्रपुर के दो लोग भी शामिल हैं।
ट्रांजिट कैंप निवासी दीपा गुप्ता और 18 वर्षीय आयुष आतिशबाजी की चपेट में आकर घायल हो गए। पटाखों से निकली चिंगारी और गर्म कणों के संपर्क में आने से दोनों झुलस गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। पटाखे जलाते समय बरती गई असावधानी हादसों की वजह बनी। कई जगह लोग पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी नहीं रख रहे थे। सुतली बम के विस्फोट के बाद निकले गर्म कण और अनार की चिंगारियां आसपास खड़े लोगों के लिए भी खतरा बनी रहीं।
आतिशबाजी के उत्साह में बरती गई लापरवाही ने कई लोगों की दीपावली की खुशियों में खलल डाल दिया। उधर, दीपावली पर पटाखों से झुलसने के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में पहले से ही इंतजाम किए थे। अस्पताल में बर्न वार्ड तैयार रखने के साथ तीन चिकित्सकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई थी।
दीपावली पर पटाखों से झुलसने के 17 मामले जिला अस्पताल पहुंचे। सभी को इलाज दिया गया। राहत की बात रही कि कोई भी बढ़ा केस नहीं आया। – डॉ. जुनैद, ईएमएमओ, जिला अस्पताल
