Kotdwar News:जीएमओयू संचालक मंडल में रार, अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव – Dispute In Gmou Board Of Directors, No-confidence Motion Against Chairman
आगामी संचालक मंडल की बैठक में नए अध्यक्ष के चुनाव की मांग
कोटद्वार। गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन (जीएमओयू) के संचालक मंडल में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कंपनी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन तिवारी के खिलाफ संचालक मंडल के छह सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कंपनी अधिकारियों को दिया है। इस संबंध में छह संचालकों ने पांच नवंबर को कंपनी के महाप्रबंधक एवं सचिव को पत्र सौंपकर प्रस्ताव को आगामी संचालक मंडल की बैठक के एजेंडे में शामिल करने और नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि 23 सितंबर को हुए संचालक पद के चुनाव में सर्वाधिक 144 मत हासिल कर नवीन तिवारी संचालक चुने गए थे। इसके बाद 19 अक्तूबर को उन्हें सर्वसम्मति से एक वर्ष के लिए अध्यक्ष निर्वाचित किया गया था। हालांकि, एक माह से भी कम समय में उनके खिलाफ संचालक मंडल में असंतोष खुलकर सामने आ गया है।
अविश्वास प्रस्ताव पर पूर्व अध्यक्ष गजेसिंह रौथाण, अर्जुन सिंह रावत, संजय बर्थवाल, गणेश जुयाल, विवेकानंद कोटनाला और गणेश भट्ट के हस्ताक्षर हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कंपनी के वर्तमान संचालक मंडल में कुल नौ निदेशक हैं और कंपनी के प्रचलित आर्टिकल्स एवं नियमों में निर्धारित प्रावधानों के तहत छह निदेशकों के हस्ताक्षर से अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा रहा है।
संचालकों ने महाप्रबंधक से प्रस्ताव को आगामी बैठक में रखकर नए अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराने का अनुरोध किया है। छह संचालकों के एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव सौंपने से जीएमओयू में नेतृत्व को लेकर खींचतान तेज हो गई है। उधर, अध्यक्ष नवीन तिवारी ने इस मामले को क्षेत्रवाद से प्रेरित साजिश करार दिया। कहा कि हारे हुए लोग उनके खिलाफ यह साजिश कर रहे हैं। इससे जीएमओयू की छवि खराब होगी। कहा कि 12 अक्तूबर की बोर्ड बैठक में एजेंडा के अनुसार ही काम होगा।
