शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:आतिशबाजी से बिजली उपकरण व सोलर पैनल गोदाम में लगी आग – Fire Breaks Out In A Warehouse Containing Electrical Equipment And Solar Panels, Caused By Fireworks

November 10, 2026


मंडी धनौरा। दिवाली की रात आतिशबाजी की चिंगारी से मोहल्ला कंचन बाजार स्थित बिजली उपकरण व सोलर पैनल गोदाम में आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का सामान जल गया। आग की चपेट में पास की प्लाईवुड दुकान भी आ गई। गजरौला से पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब 45 मिनट बाद आग पर काबू पाया।

मोहल्ला विजय नगर निवासी सुमित अग्रवाल बिजली विभाग में ठेकेदारी करते हैं। उनके पास एक नामचीन कंपनी के सोलर पैनल की जिले की एजेंसी है। कंचन बाजार में उनका गोदाम है। रविवार रात पड़ोसी अंकित ने गोदाम से लपटें उठती देख सूचना दी। सुमित पहुंचे तो आग विकराल हो चुकी थी। लोगों ने सबमर्सिबल पंप से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

गोदाम से सटी हितेश मांगलिक की दुकान और उसमें रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा। हितेश और उनके परिजनों ने आग बुझाने वाले यंत्रों का इस्तेमाल किया। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

———————————–

पालिकाध्यक्ष ने आग पर काबू करने का प्रयास किया

मंडी धनौरा। दिवाली की बधाई देने परिचित के घर पहुंचे पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल को गोदाम में आग लगने की सूचना मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के घरों के सबमर्सिबल पंप चालू कराकर खुद पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक पालिकाध्यक्ष पानी की बौछार करते रहे। सबमर्सिबल के पानी से आग नहीं बुझ सकी, लेकिन उसकी तीव्रता कम करने में मदद मिली। उन्होंने फायर ऑफिसर को फोन कर तत्काल दमकल भेजने को कहा। लोगों ने पालिकाध्यक्ष के साहस की प्रशंसा की। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X