सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पूर्व ग्राम प्रधान एवं वर्तमान प्रधानपति छोटेलाल (55) की आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मौत हो गई। दीपावली की देर रात करीब एक बजे बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। 31 अक्टूबर को घोरावल-राबर्ट्सगंज मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मुंगेहरी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मुंगेहरी गांव निवासी छोटेलाल पुत्र बलिराम 31 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे खरुआंव गांव के पास कस्तूरबा गांधी विद्यालय के नजदीक सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान घोरावल-राबर्ट्सगंज मार्ग से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।
ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों की निगरानी में आठ दिनों तक उनका उपचार चला, लेकिन रविवार देर रात उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।