Budaun News:अस्पताल में खाना बनाने से बांटने तक की होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग – There Will Be Online Monitoring Of The Entire Process In The Hospital, From Food Preparation To Distribution
बदायूं। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की व्यवस्था पर अब ऑनलाइन निगरानी रखी जाएगी। अब तक मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने से लेकर उसके आवंटन तक का काम मैन्युअल तरीके से किया जा रहा था। अब इसके लिए पोर्टल तैयार किया गया है। इसको लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को निर्धारित व्यवस्था के तहत भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए अस्पताल में मरीजों की संख्या के हिसाब से भोजन तैयार कराया जाता है। अब नई व्यवस्था लागू होने से भोजन तैयार होने से लेकर उसके वितरण तक का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
एचएमआईएस पोर्टल (अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली) संचालित किया जा रहा है। इस पर यह जानकारी भी दर्ज की जाएगी कि कितने मरीजों के लिए खाना तैयार हुआ और कितना भोजन आवंटित किया गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य भोजन वितरण में पारदर्शिता लाना और व्यवस्था की नियमित निगरानी करना है।
ऑनलाइन रिकॉर्ड रहने से जिम्मेदार अधिकारी भी यह देख सकेंगे कि मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हो रही है। इससे भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर नजर रखने में भी मदद मिलेगी। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सतीश चंद्र नागर ने बताया कि जल्द ही पोर्टल व्यवस्था सरकार की ओर से लागू की जा रही है। इसको लेकर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
