Kushinagar News:चलती बिजली लाइन से भी तार काट ले जाते थे चोर, निगम को कर्मचारियों पर था शक – Thieves Would Even Cut Wires From Live Power Lines; The Utility Company Suspected Its Own Employees
एक साल में आधा दर्जन गांवों में हुईं तार चोरी की घटनाएं, पुलिस को दी गई थी सूचना
घोघरा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद फिर चर्चा में आया मामला
छह माह पहले 20 खंभों से काट ले गए थे 33 हजार वोल्ट की लाइन के तार
अहिरौली बाजार। क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाला गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे चालू बिजली लाइन से भी हाईटेंशन और एलटी लाइन के तार काटकर ले जाते थे। एक साल के भीतर करीब आधा दर्जन गांवों में ऐसी घटनाएं हुईं। तार चोरी करने के तरीके और उनकी सफाई देखकर बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान थे। यहां तक कि विभागीय कर्मचारियों पर भी संदेह होने लगा था।
शनिवार को घोघरा गांव निवासी सीपू सिंह की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत के बाद तार चोरी का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। बरौली विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता (जेई) दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि बीते एक साल में क्षेत्र के कई गांवों से चोर चालू बिजली लाइन के तार काटकर ले जा चुके हैं। इन घटनाओं की सूचना पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका।
उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले कुसुम्हा गांव के पंचायत भवन में ड्रम में रखा सिंगल फेज केबल चोरी हो गया था। करीब आठ माह पहले मुंडेरा बाबू गांव से बिजली निगम का बिजली उपकरण चोरी हुआ था।
छह माह पहले पट्टन पावर हाउस से बरौली विद्युत उपकेंद्र तक आने वाली 33 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन के करीब 20 खंभों से तार काटकर चोरी कर लिए गए थे। उस समय लाइन में बिजली आपूर्ति नहीं हो रही थी। इसके अलावा करीब एक माह पहले पिपरा गांव के पास स्टील प्लांट में रखा एक बंडल तार चोरी हो गया था।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले भी पिपरा गांव में चोरों ने मुख्य सड़क से गुजर रही चालू बिजली लाइन के तीन खंभों से तार काट लिए थे। साथ ही सिंगल फेज केबल का एक ड्रम भी चोरी कर लिया था।
जेई ने बताया कि तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं की सूचना पुलिस को दी जाती रही लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चालू बिजली लाइन से इतनी सफाई से तार काटकर ले जाने की घटनाओं से बिजली निगम के कर्मचारियों को भी संदेह होने लगा था।
