फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के टापा पैंठ निवासी गीता कुमारी उर्फ खुशबू ने पति चेतन गुप्ता और ससुरालियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि 40 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे भीषण शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी। विरोध करने पर निजी फोटो-वीडियो बनाने, मारपीट करने और मृत शिशु के जन्म के बाद भी उत्पीड़न किया।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 7 फरवरी 2025 को चेतन गुप्ता उर्फ लकी निवासी निधौली कलां, एटा, हाल निवासी जयपुर हाउस, आगरा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति चेतन, सास विनीता गुप्ता और ननद शीतल गुप्ता ने 40 लाख रुपये और दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते, गालियां दी जातीं और बेरहमी से पीटा जाता था। पति के मामा सोनू गुप्ता भी आरोपियों को लगातार भड़काते थे।
पति चेतन के आगरा में रहने वाली एक महिला से संबंध हैं। विरोध करने पर पति शराब पीने को कहता है, पढ़ाई के कागजात फाड़ दिए हैं। निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता है। मई 2025 में अलमारी का ताला तोड़कर उसके जेवरात, मोबाइक आदि छीन लिया। गर्भवस्था के दौरान दवाइयां खिलाने का प्रयास किया गया।
14 मई 2026 को लात-घूंसों व डंडों से मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। 27 मई 2026 को फिरोजाबाद के सौ शैय्या अस्पताल में उसने एक मृत बेटे को जन्म दिया। इस दुख में भी पति और ससुराल पक्ष ने अस्पताल आकर उसे और उसके परिजनों को बेइज्जत किया। आरोपी अब पीड़िता से तलाक की मांग कर रहे हैं और दूसरी शादी की कह रहे हैं। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।