शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:जगमगा रहा था राखी गढ़ी…हाईवे पर बुझ गए चिराग – Rakhi Garhi Was All Aglow… But The Lights Went Out On The Highway

November 10, 2026


राशिद अली

मुजफ्फरनगर। हांसी के राखी गढ़ी गांव से दिवाली की जगमग के बीच हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकले पांच घरों के चिराग पानीपत-खटीमा हाईवे के बघरा बाईपास पर बुझ गए। भैया दूज की खुशियां जिंदगीभर के इंतजार में बदल गईं। दो बेटों को खोने वाले मजदूर समुद्र के घर मातम है। तीसरे बेटे संजय की आंखें डबडबा गईं। मलाल है कि बेटों के फैसले पर किसी ने मना क्यों नहीं किया।

भोपा रोड स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे राखी गढ़ी गांव के चंदर सिंह ने बताया कि रात 12 बजे तक बच्चों ने दिवाली मनाई। खाना खाकर सबने हरिद्वार गंगा स्नान की बात कही। धार्मिक स्थल पर जाने से परिवार के लोग मना नहीं कर पाए। गुरुग्राम में कार चलाने वाले चालक साहिल ने गाड़ी का इंतजाम किया। परिवार मजदूरी कर अपना घर चलाते हैं। कम उम्र में बच्चे चले गए, जिससे पूरे गांव में गम का माहौल है।

मोठ लुहारी के राम अवतार कहते हैं कि हमेशा इस बात का पछतावा रहेगा कि बच्चों को जाने से क्यों नहीं रोका गया। गांव पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों गांव के लोग दिवाली की खुशियों के बीच सोए थे लेकिन दिन निकलते ही हादसे का समाचार मिला।

——

इनसेट

180 किमी दूर हुआ हादसा

राखी गढ़ी गांव से जागाहेड़ी की दूरी करीब 180 किमी है। रविवार रात एक बजे सभी घर से निकले और सुबह चार बजकर 50 मिनट पर हादसा हुआ। रास्ते में रुकते हुए और खुशी मनाते हुए दोस्त आगे बढ़ रहे थे लेकिन बघरा बाईपास के फ्लाईओवर पर सफर थम गया।

———–

इनसेट

सूख गए आंसू, रुंध गए गले…रह गया पछतावा

पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे पीड़ित परिवारों के आंसू गालों पर लुढ़ककर सूख गए। हर सवाल पर गला रुंधकर आता रहा। बोले कि हमेशा पछतावा रहेगा। मोबाइल पर गांव से कॉल आती रही। दोनों जगह चूल्हे नहीं जले। गोवर्धन और भैया दूज की खुशियां मातम में बदल गईं। राखी गढ़ी से पहुंचे रणवीर सिंह कहते हैं कि हादसे की भयावहता मन को विचलित कर रही है।

———–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X