Moradabad News:वेल्डर की मौत पर ग्रामीणों व परिजनों ने सलेमपुर बिजली उपकेंद्र घेरा – Villagers And Family Members Lay Siege To The Salempur Electricity Substation Following A Welder’s Death
कांठ। गांव सलेमपुर के मोहल्ला फजलाबाद में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वेल्डर राहुल कुमार की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार की सुबह सलेमपुर बिजली उपकेंद्र का घेराव करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन को हटवाकर मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे बिजली उपकेंद्र का घेराव करते हुए नारेबाजी की। सूचना पर एसएचओ सुदेश पाल सिंह और गढ़ी-सलेमपुर चौकी प्रभारी कमलदीप फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह हाईटेंशन लाइन को हटवाने और मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद सीओ सुनीता दहिया, तहसीलदार राजकुमार सिंह व नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सक्सेना भी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने इसके बाद भी धरना खत्म नहीं किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस हाईटेंशन लाइन से कई हादसे हो चुके हैं, इसे हटवाया जाए। कांठ एसडीएम मयंक कुंडू और बिजली निगम के एसडीओ सचिन रस्तोगी ने बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों की बात सुनी। साथ ही अधिकारियों ने लाइन को हटवाने, मृतक के परिजनों को मुआवजा, राशन व बच्चों की शिक्षा दिलाने आदि के संबंध में आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने धरने को खत्म किया।
भाई की मौत से सदमे में है छोटी बहन
भाई की मौत से छोटी बहन अर्चना काफी सदमे में है। धरना स्थल सलेमपुर बिजली उपकेंद्र पर भी वह बार-बार बेहोश हो रही थी, जिसे परिवार और मोहल्ले की महिलाएं संभाल रही थीं। वहीं राहुल की पत्नी शीतल का भी हाल बेहाल थे। बेटी संध्या, बेटा अमन और देव भी पिता की मौत से गुमसुम हैं।
गांव सलेमपुर के मोहल्ला फजलाबाद में आबादी के बीच से होकर निकल रही हाईटेंशन लाइन को सोमवार को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन को देखा। एसडीएम मयंक कुंडू, सीओ सुनीता दहिया और एसडीओ बिजली सचिन रस्तोगी ने काफी दूर तक भ्रमण कर लाइन की स्थिति को देखकर ग्रामीणों को इसे बंद और हटवाने की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। संवाद
परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह साल पहले वेल्डर राहुल कुमार की छोटी बहन अर्चना भी इसी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई थी और उसे हादसे में अपना एक हाथ गंवाना पड़ा था। इसके अलावा फजलाबाद के रहने वाले वृद्ध घसीटा सिंह भी आठ साल पहले हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए थे। तीन साल पहले तीन वर्षीय मासूम प्रिया, महिला जयमाल देवी, एक साल पूर्व खुशी और करीब चार महीने पहले यहीं के रहने वाले बबलू कारीगर भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। संवाद
