जयपुर:गोविंद देवजी मंदिर में आज सजेगा छप्पन भोग, दोपहर में आधे घंटे होंगे अन्नकूट की विशेष झांकी के दर्शन – Govind Dev Ji Temple To Offer Chhappan Bhog Today; Special Annakoot Darshan From Noon In Jaipur
जयपुर में दीपावली के बाद आज मंगलवार, 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव मनाया जा रहा है। शहर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में इस मौके पर ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और विशेष झांकी सजाई जाएगी। मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पंचामृत अभिषेक के बाद सुनहरी पोशाक में दर्शन
अन्नकूट महोत्सव पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंगला आरती के बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक होगा। इसके बाद ठाकुरजी को प्राचीन सुनहरी पोशाक धारण कराने की परंपरा निभाई जाएगी। श्रद्धालुओं को इस दिन ठाकुरजी के विशेष श्रृंगार के दर्शन होंगे।
20 से 25 तरह की सब्जियों से सजेगा अन्नकूट का भोग
महोत्सव में ठाकुरजी के दरबार में छप्पन भोग सजाया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रकार के पकवान, चावल और कच्चे भोग के व्यंजन शामिल होंगे। अन्नकूट की झांकी में 20 से 25 तरह की सब्जियों का विशेष भोग तैयार किया जाएगा। भगवान को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
यह भी पढें- दौसा: सरपंच चुनाव में धांधली के आरोपों से गरमाया बड़ौली गांव, पुलिस पर गाड़ियों में तोड़फोड़ का आरोप; एफआईआर
गोवर्धन और गौ-बछड़ा पूजन की भी परंपरा
अन्नकूट उत्सव पर गोवर्धन पूजा के साथ गौ-बछड़ा पूजन का भी विशेष महत्व है। गोविंद देवजी मंदिर के पश्चिम द्वार पर गोवर्धन और गौ-बछड़े की पूजा की जाएगी। मंदिर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार उत्सव मनाया जाएगा।
दोपहर 12 से 12:30 बजे तक होंगे विशेष दर्शन
मंगलवार को दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक अन्नकूट की विशेष झांकी के दर्शन होंगे। इसके चलते सुबह राजभोग झांकी के दर्शन नहीं होंगे। मंदिर की अन्य सभी झांकियां अपने निर्धारित समय पर खुलेंगी। विशेष अन्नकूट झांकी के दौरान श्रद्धालु ठाकुरजी के छप्पन भोग के दर्शन कर सकेंगे।
