मेरठ के रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मछेरान मोहल्ले में रविवार दोपहर बुर्का पहनकर आईं दो अज्ञात महिलाएं एक घर के बाहर से कीमती पर्शियन नस्ल की बिल्ली का बच्चा चोरी कर ले गईं। बिल्ली चोरी की यह अनोखी वारदात मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सोमवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। पीड़ित ने रेलवे रोड थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मछेरान निवासी सुफियान ने बताया कि उन्होंने अपने घर में विदेशी पर्शियन नस्ल की बिल्ली पाल रखी है। रविवार दोपहर बिल्ली का एक छोटा बच्चा उनके घर के मुख्य गेट के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान बुर्का पहने दो महिलाएं वहां पहुंचीं और मौका देखकर चुपके से बिल्ली के बच्चे को उठाकर रफूचक्कर हो गईं।