Ghaziabad News:विश्वकर्मा बस्ती के विक्की का था मानकी में मिला शव, कांच से सीने में वार कर की गई हत्या – The Body Of Vicky, From Vishwakarma Basti, Was Found In Manki; He Had Been Murdered By Being Stabbed In The Chest With A Piece Of Glass
मोदीनगर। नगर के कलछीना-सीकरी मार्ग पर गांव मानकी के जंगल में ट्यूबवेल के पास शनिवार सुबह मिले अज्ञात शव की शिनाख्त विश्वकर्मा बस्ती निवासी विक्की के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि शराब की बोतल तोड़कर उसके नुकीले कांच से सीने पर कई वार किए गए थे। परिजनों ने विक्की के दोस्त पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
21 वर्षीय विक्की श्रमिक था। पिता प्रेम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम विक्की अपने दोस्त शिवम के साथ घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात में परिजनों ने उसे फोन किया तो मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार सुबह विक्की का लहूलुहान शव मिला था। पिता प्रेम सिंह के अनुसार, घटना के बाद से शिवम घर से फरार है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर शक के दायरे में आए शिवम के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
