शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chandigarh News:दिवाली की रात युवक को पीटा, अस्पताल पहुंचकर मां को धमकाया – Youth Beaten On Diwali Night; Mother Threatened After He Reached The Hospital
चंडीगढ़

Chandigarh News:दिवाली की रात युवक को पीटा, अस्पताल पहुंचकर मां को धमकाया – Youth Beaten On Diwali Night; Mother Threatened After He Reached The Hospital

November 10, 2026


चंडीगढ़। रामदरबार फेज-1 में दिवाली की रात करीब 12 बजे चार-पांच युवकों ने अश्वनी उर्फ कालू और उसके साथी शुभम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अश्वनी के सिर में छह टांके लगे हैं और बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल पहुंचकर उसकी मां को भी धमकाया और कहा..आंटी, तेरे बेटे में अकड़ थी, काढ़ दी।

अश्वनी के पड़ोसी रोहित के अनुसार, हमले के बाद उन्होंने इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीसीआर दोनों घायलों को सेक्टर-32 अस्पताल ले गई लेकिन पुलिस के जाने के बाद भी हमलावर वहां पहुंच गए। जान बचाने के लिए अश्वनी रामदरबार स्थित बीट बॉक्स पहुंचा और दोबारा पीसीआर बुलाकर अस्पताल पहुंचा। शुभम ने भी पुलिस को फोन किया।

डॉक्टरों ने दोनों को सेक्टर-16 अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि वहां भी हमलावर पहुंच गए और अश्वनी की मां सुदामा देवी को धमकाने लगे। सुरक्षा गार्डों ने उन्हें बाहर निकाला। सोमवार सुबह अश्वनी की हालत देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

एक सप्ताह पहले दी थी शिकायत

रोहित ने बताया कि अश्वनी ने करीब एक सप्ताह पहले पड़ोसी रवि उर्फ आंडा के खिलाफ सेक्टर-34 थाने को शिकायत दी थी। आरोप था कि रवि उसे धमकाने और परेशान करने के साथ परिवार के बुजुर्गों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है। अश्वनी ने परिवार की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की थी। सेक्टर-31 के थाना एसएचओ हरिओम शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है लेकिन अभी लिखित शिकायत नहीं आई है। पुलिस जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X