शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:पटाखे फोड़ने से मना किया तो घर पर किया पथराव, तीन घायल – When People Refused To Burst Firecrackers, They Pelted Stones At The House, Injuring Three

November 10, 2026


कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सिमलचौड़ में घर के आगे पटाखे फोड़ने से मना करने पर कुछ युवकों ने एक घर पर पथराव कर दिया। आरोप है कि युवकों ने घर के अंदर पत्थर और जलते हुए रॉकेट भी फेंके। घटना में घर के तीन सदस्यों समेत पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सिमलचौड़ निवासी बंटी कुमार ने बताया कि रविवार रात दीपावली पर वह अपने दोस्तों के साथ पड़ोसियों के घर मिठाई देने गया था। इसी दौरान 15 से 20 युवक वाहनों से वहां पहुंचे और उसके घर के आगे पटाखे फोड़कर हुड़दंग करने लगे। उसकी मां और भाई ने युवकों को ऐसा करने से मना किया तो वे भड़क गए। आरोप है कि युवकों ने घर के अंदर पत्थर और जलते हुए रॉकेट फेंकने शुरू कर दिए।

इस दौरान एक पत्थर खिड़की का शीशा तोड़कर कमरे में रखे ड्रेसिंग मिरर से टकराया जिससे उसकी बहन अक्षिता घायल हो गई। वहीं, एक अन्य पत्थर उसके भाई अक्षय के सिर पर लग गया। घर पहुंचने पर उसने दोनों भाई-बहन को घायल अवस्था में देखा। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उसके और उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की जिसमें वह और उसके दोस्त मोहिता भाटिया व नाजिम भी घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया। बंटी कुमार ने बताया कि घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और घटना में प्रयुक्त वाहनों की जांच कराने की मांग की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X