Auraiya News:स्टीयरिंग फेल होने से बस खंभे से टकरा खंडहर में पलटी, दो महिलाएं घायल – A Bus, Following A Steering Failure, Collided With A Pole And Overturned Into A Ruin; Two Women Were Injured
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के बिधूना-छिबरामऊ मार्ग पर रठगांव के पास शनिवार को स्टीयरिंग फेल होने से छिबरामऊ से बिधूना आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे में टकरा कर खंडहर में जा पलट गई। हादसे में बस सवार दो महिलाएं घायल हो गईं, जबकि बस में मौजूद अन्य यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
एक निजी बस छिबरामऊ से 12 से 13 सवारियों को लेकर बिधूना आ रही थी। रठगांव के पास अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस सड़क किनारे लगे नए विद्युत पोल से टकराते हुए खंडहर में जा पलटी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ पुनीत मिश्रा और कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया। घायलों में चमन नगरिया, थाना ऐरवाकटरा निवासी संगीता पत्नी (45) रामप्रकाश व विरोंधी, थाना भरथना, जनपद इटावा निवासी रामकिशोरी (60) शामिल हैं। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चोटें हल्की होने के चलते उन्हें घर भेज दिया गया।
वहीं, बस में सवार अन्य यात्री भी अपने-अपने घर चले गए। बताया गया कि बस को चालक कमल सिंह निवासी भानपुर, थाना सौरिख, जनपद कन्नौज चला रहा था। परिचालक निगम निवासी एरवाकटरा भी बस में मौजूद था। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से भाग गए। बस मालिक भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। जिसके अस्पताल पहुंचकर दोनों घायलों का हाल-चाल लिया और वहां से अपनी गाड़ी से दोनों घायलों को उनके घर पहुंचने की व्यवस्था की गई।
बिधूना सीओ पी. पुनीत मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो महिलाएं घायल हुई थीं, जिन्हें सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से चालू है और किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।
