शाहजहांपुर। जिला फुटबाल संघ की ओर से सोमवार को दीपावली कप फुटबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पहले दिन चार मुकाबले खेले गए, जिनमें प्रिंस बी एफसी, यूजी एफसी, लीजेंड एफसी और प्रिंस क्लब ए की टीमों ने जीत दर्ज की।
ओसीएफ के रामलीला मैदान पर पहला मुकाबला प्रिंस बी एफसी और कर्तव्य अकादमी के बीच खेला गया। इसमें प्रिंस बी एफसी की ओर से फरदीन ने दो और सोनू ने एक गोल किया। कर्तव्य अकादमी की ओर से लूसे ने एक गोल दागा। इस तरह प्रिंस बी एफसी ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया।
दूसरा मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा एफसी और यूजी एफसी के बीच हुआ। दोनों टीमें निर्धारित समय में कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में यूजी एफसी ने 1-0 से जीत हासिल की। तीसरे मुकाबले में लीजेंड एफसी ने कैंट एकता क्लब को 2-1 से हराया। वहीं, चौथे मैच में प्रिंस क्लब ए ने ईगल एफसी को 3-0 से शिकस्त दी।
इससे पहले जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष गजेंद्र गंगवार, महासचिव दिलीप कुमार शर्मा और संयुक्त सचिव कौशल किशोर सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। दो दिवसीय टूर्नामेंट में मंगलवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी रवि कुमार, उपाध्यक्ष गौरव अग्निहोत्री, मयूर खन्ना, जितेंद्र प्रसाद, संयुक्त सचिव प्रेमजीत, आदर्श शर्मा, राजीव अरोड़ा आदि मौजूद रहे।