शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Firozabad News:दिवाली की रात साड़ी की दुकान समेत 11 स्थानों पर भड़की आग – On The Night Of Diwali, Fires Broke Out At 11 Locations, Including A Saree Shop
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:दिवाली की रात साड़ी की दुकान समेत 11 स्थानों पर भड़की आग – On The Night Of Diwali, Fires Broke Out At 11 Locations, Including A Saree Shop

November 10, 2026


फिरोजाबाद। प्रकाश पर्व दिवाली की रात आतिशबाजी, शॉर्ट सर्किट और अन्य कारणों से आग लगने की एक दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आईं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक साड़ी की दुकान, जनरल स्टोर, कार, झोपड़ी, ट्रक और पीएनजी लाइन में आग लगने से हड़कंप मच गया। इसके अलावा खेतों में रखी करब और धान के पुआल में भी आग भड़क उठी। हालांकि, गनीमत यह रही कि सभी घटनाओं में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

सुहागनगर निवासी हरिओम राठौर की हिमायूंपुर रोड पर बाहू साड़ी सेंटर के नाम से दुकान है। रविवार रात करीब 10:15 बजे उनकी दुकान में पूजा की अलमारी के नीचे लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठते देख दुकान मालिक को सूचना दी, जिन्होंने दुकानदारों की मदद से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। पीड़ित के अनुसार इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, सुहागनगर सेक्टर-2 में रात 9 बजे गैस रिसाव के कारण पीएनजी लाइन में आग लग गई, जिससे इलाके में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही गेल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के बाद पाइपलाइन की मरम्मत की।

पटाखों की चिंगारी और दीये से कई जगहों पर घटनाएं

फिरोजाबाद/नारखी/सिरसागंज। दिवाली की रात शहर और आसपास के क्षेत्रों में आतिशबाजी का प्रकोप भी देखने को मिला। छारबाग में रात 9:30 बजे रमन दत्त के मकान के आगे पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। नूरपुर कुतुकपुर (मटसेना) में रात 9:45 बजे सुरेंद्र सिंह की झोपड़ी में आग भड़क उठी। रैपुरा रोड पर रात 9:45 बजे घर के बाहर खड़ी पंकज कुमार की कार में आग लग गई। कौशल्या नगर में नायरा पेट्रोल पंप के पास एक घर में दीये से आग लग गई, जिससे घर में धुआं भरने पर परिजनों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। धातरी (सिरसागंज) में नेशनल हाईवे पर अखिलेश यादव के घर के पास खड़े ट्रक में आग लग गई।

थाना नारखी क्षेत्र के गांव जखई में रविवार शाम 7 बजे कुसुम देवी के खेत में रखी आठ बीघा फसल की करब जल गई। इसी प्रकार टूंडला के गांव भक्ति गढ़ी में जितेंद्र तोमर के खेत में रखा ढैंचा व करब, जसराना के गांव सगरई में पटाखे की चिंगारी से पीपल के सूखे पेड़ में, और सिरसागंज के गांव गुराऊ निवासी परवेश कुमार के खेत में रखे करब व पुआल में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों ने सभी स्थानों पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।

सभी घटनाओं पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि मालहानि हुई है। अधिकांश घटनाओं में आतिशबाजी आग की प्रमुख वजह रही है।

– सत्येंद्र पांडेय, सीएफओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X