Ghaziabad News:गर्लफ्रेंड से मिलने आए युवक ने छोड़ी थी स्कूटी, चौकी पर हमले से नहीं मिला कनेक्शन – The Young Man Who Had Come To Meet His Girlfriend Had Left His Scooter Behind; No Link Found To The Attack On The Police Outpost
इंदिरापुरम (गाजियाबाद)। वसुंधरा चौकी पर हुए धमाके के बाद एलिवेटेड रोड पर मिली स्कूटी का हमले से कोई संबंध नहीं निकला है। दिल्ली नंबर की स्कूटी घटनास्थल से करीब स्कूटी करीब डेढ़ किमी दूर मिली और यह जाफराबाद निवासी युवक की थी। पुलिस के अनुसार अभी तक जांच में स्कूटी का धमाके से लिंक सामने नहीं आया है।
वसुंधरा चौकी पर हुए धमाके के बाद पुलिस को एक संदिग्ध स्कूटी मिली थी। जांच में पता चला कि इसका संबंध एक युवक से है जो अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने राजनगर आया था। युवक ने स्कूटी में पेट्रोल खत्म होने पर वह उसे एलिवेटेड रोड पर लॉक करके छोड़ दिया था। पुलिस ने संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की तो स्कूटी के मालिक का पता लगाया। पुलिस के अनुसार जांच में स्कूटी का धमाके की घटना से कोई संबंध नहीं मिला है।
चौकी पर मौजूद उपनिरीक्षक ने दर्ज कराई प्राथमिकी
धमाके के मामले में चौकी में मौजूद उपनिरीक्षक विकास सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस) और आईबी की टीम ने आसपास के 13 सीसीटीवी खंगाले हैं। इनकी डीवीआर भी टीम साथ लेकर गई है।
300 लोगों का डंप उठाकर शुरू की पुलिस ने जांच
विस्फोटक सामग्री किसने फेंकी इसके लिए नजदीकी टावर से उठाए गए बीटीएस से घटना के दौरान 300 लोगों के डंप डाटा उठाया गया है। इनसे सभी की जांच पड़ताल शुरू हो गई है। पुलिस ने चौकी के 20 मीटर के दायरे ट्रेस किए गए चार मोबाइल नंबर धारकों से पूछताछ भी की और अब उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इन लोगों आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल भी की जाएगी।
72 घंटे बाद भी अकाउंट सक्रिय
चौकी पर धमाके के 72 घंटे के बाद जिस एक्स अकाउंट से तहरीक-उल- मुजाहिदीन हिंदुस्तान ने जिम्मेदारी ली थी, वह सक्रिय है। उसने फॉलोअर्स की संख्या भी 11 से 45 पर पहुंच गई है। वहीं, जिम्मेदारी लेने वाले वीडियो को अभी तक 63 हजार रुपये देख चुके हैं। एजेंसियां अभी तक इस अकाउंट के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकीं है।
चौकी पर बने गुंबद की चर्चा
वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए धमाके में चौकी की छत मंदिर के गुंबद जैसी आकृति चर्चा में आ गई है। शुरुआती जांच के बाद दावा है कि विस्फोटक गुंबद से टकराकर नीचे जमीन पर गिरा और वहीं धमाका हो गया। अगर चौकी की छत सामान्य और समतल होती और विस्फोटक सीधे उसके ऊपर या भीतर पहुंचता तो चौकी में मौजूद दरोगा विकास व डिलीवरी बॉय की जान भी जा सकती थी। शुक्रवार रात हुए धमाके में चौकी की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, खिड़कियों के शीशे टूट गए और पास में बने बाथरूम की लोहे की टीन से बनी छत और छत के ऊपर बनी नौ इंची की दीवार तक टूटकर नीचे गिर गई। पास में पंचर की दुकान चलाने वाले शाहरुख ने बताया कि धमाके के बाद पूरा इलाके में कंपन उत्पन्न हो गया था। उसे लगा कि भूकंप आ गया है। कुछ देर तक तो वह समझ ही नहीं पाया।
