शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
टिहरी

Tehri News:अब 12 से 14 तक होगा जौनपुर महोत्सव – Now Jaunpur Mahotsav Will Be Held From 12th To 14th

November 10, 2026


थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर महोत्सव अब 12 से 14 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। पहले 11 नवंबर से महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित था। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर 12 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

महोत्सव को सफल बनाने के लिए ब्लॉक सभागार में बैठक कर विभिन्न समितियों का गठन किया गया। वहीं, एसडीएम अंशुल भट्ट ने आयोजन स्थल, हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की खुशहाली, विकास और समृद्धि का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को पहचान मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस मौके पर जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, जयपाल करैवाण, खेमराज भट्ट, महावीर सजवाण, सुनील सजवाण, सुमेरचंद पंवार, प्रधान जगपाल पंवार, हीरामणि गौड़, दीपेंद्र रावत, वीरेंद्र चंदेल, रघुवीर पंवार आदि मौजूद रहे।

सीएम दौरे पर जागा लोनिवि, खस्ताहाल सड़क के गड्ढे भरे

थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए लोनिवि ने थत्यूड़-ढाणा बाजार मोटर मार्ग की सुध ली है। विभाग ने करीब एक किलोमीटर हिस्से में सड़क पर बने गड्ढों को भरने के साथ पैचवर्क और मरम्मत कार्य पूरा कर लिया है। मार्ग पर लंबे समय से जगह-जगह गड्ढे बने थे जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। क्षेत्रवासी लगातार सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए ही सही, विभाग ने सड़क की मरम्मत शुरू कर गड्ढों को भरने का काम किया है। इससे बाजार क्षेत्र में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, थत्यूड़-ढाणा बाजार मार्ग पर जहां करीब एक किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य किया गया है, वहां से आगे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क की स्थिति अभी भी खराब है। अस्पताल तक के मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X