Almora News:रानीखेत-चिलियानौला सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का खौफ , लोग परेशान – Fear Of Monkeys In Ranikhet, Chilianaula, And Surrounding Rural Areas; Residents Distressed
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत, चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बंदरों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा रहे हैं। वहीं बाजारों और रास्तों में लोगों पर झपटने की घटनाओं से भी दहशत बनी हुई है।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के आतंक के चलते घरों के दरवाजे और खिड़कियां खुली रखना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बंदर खेतों और फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से अभियान चलाकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। स्थानीय निवासी मदन कुवार्बी, रोहित शर्मा, सुंदर कुवार्बी, सतीश नेगी, नवीन, कमलेश बोरा, आशीष पांडेय और कमल असवाल आदि ने जल्द कार्रवाई की मांग उठाई है।
बंदरों की समस्या को लेकर वन विभाग से पत्राचार किया गया था। वन विभाग ने प्रति बंदर पकड़ने का खर्च 1100 रुपये बताया है, जिसे पालिका से वहन करने को कहा गया। पालिका वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर समस्या के समाधान का प्रयास कर रही है।
अरुण रावत, पालिकाध्यक्ष चिलियानौला
बंदरों की समस्या को देखते हुए शीघ्र ही सार्थक कार्रवाई की जाएगी।
तापस मिश्रा, रेंजर रानीखेत
