शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehpur News:भैंस ने किशोरी को मारी सींग कुएं में गिरी, मौत – Buffalo Gores Teenage Girl, She Falls Into A Well And Dies
फ़तेहपुर

Fatehpur News:भैंस ने किशोरी को मारी सींग कुएं में गिरी, मौत – Buffalo Gores Teenage Girl, She Falls Into A Well And Dies

November 11, 2026


= लड़ रही भैंसों को अलग करने गई थी प्राच, पांच घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया

= भाई दूज से एक दिन पहले बहन की मौत से परिवार में मातम

संवाद न्यूज एजेंसी

जाफरगंज। घर के सामने आपस में लड़ रही भैंसों को अलग करने पहुंची 17 वर्षीय किशोरी को एक भैंस ने सींग मार दी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह करीब तीन फीट दूर स्थित सूखे कुएं में जा गिरी। ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। भाई दूज से एक दिन पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी जितेंद्र सिंह की पुत्री प्राची (17) मऊदेव स्थित एक विद्यालय में इंटर की छात्रा थी। घर के सामने पुराने सूखे कुएं की जगत पर पशुओं को चारा देने के लिए नांद बनी है। सोमवार रात करीब 11 बजे नांद के पास बंधी दो भैंसों में एक खूंटा तोड़कर दूसरी से लड़ने लगी। शोर सुनकर प्राची घर से बाहर आई और दोनों भैंसों को अलग करने के साथ छूटी भैंस को दोबारा बांधने का प्रयास करने लगी।

इसी दौरान दूसरी भैंस ने प्राची को सींग मार दिया। टक्कर लगने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह कुएं में जा गिरी। किशोरी के कुएं में गिरने की जानकारी पर परिजन ने शोर मचाया तो ग्रामीण जुट गए। लोगों ने रस्सी में कांटा बांधकर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बारा गांव के पूर्व प्रधान महेंद्र विश्वकर्मा और पड़ोसी गांव खूंटाझाल निवासी रामकिशोर सोनकर रस्सों के सहारे कुएं में उतरे।

दोनों ने किशोरी को रस्सी से बांधकर मंगलवार भोर करीब चार बजे बाहर निकाला। परिजन उसे बचा नहीं सके। बेटी की मौत से मां सुधा बदहवास हैं। प्राची का एक छोटा भाई देवेंद्र है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना परिजन की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है।

=============

भाई दूज से पहले उजड़ गई खुशियां

भाई देवेंद्र ने बताया कि प्राची हर साल भाई दूज पर तिलक लगाकर लंबी उम्र की कामना करती थी। इस बार त्योहार से एक दिन पहले ही बहन साथ छोड़ गई। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

फोटो परिचय-10-प्राची। स्रोत: परिजन

फोटो परिचय-10-प्राची। स्रोत: परिजन

फोटो परिचय-10-प्राची। स्रोत: परिजन

फोटो परिचय-10-प्राची। स्रोत: परिजन

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X