Pakistan Smog Crisis: लाहौर की जहरीली हवा के लिए भारत की ‘दिवाली’ जिम्मेदार? पाकिस्तान के आरोप की क्या हकीकत, रिपोर्ट ने खोल दी पोल
November 11, 2026
यहां जून 2026 सबसे कम प्रदूषित महीना रहा. तब भी PM2.5 का औसत स्तर 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था. यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सालाना निर्धारित गाइडलाइन 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से आठ गुना ज्यादा है. सर्दियां शुरू होते ही स्थिति और खराब हो गई. अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच PM2.5 का मासिक औसत 124 से 183 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच रहा. वहीं, अक्टूबर 2026 में यह 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया.
ये आंकड़े बताते हैं कि लाहौर में प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिवाली या पटाखों की वजह से नहीं है. त्योहारों और सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने से पहले भी शहर की हवा में महीन जहरीले कणों का स्तर अस्वस्थ करने वाली सीमा से काफी ज्यादा रहता है.
पाकिस्तानी रिपोर्ट ने ही दिवाली वाले दावे पर उठाए सवाल
पाकिस्तान एयर क्वालिटी इनिशिएटिव (PAQI) ने 10 नवंबर को एक रिपोर्ट जारी की. इसमें सीधे तौर पर यह जांचने की कोशिश की गई कि क्या भारत में दिवाली पर जलाए गए पटाखों की वजह से लाहौर की हवा खराब हुई है. रिपोर्ट के नतीजे पाकिस्तान सरकार के इस दावे की पुष्टि नहीं करते.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच लाहौर में PM2.5 का औसत स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा. इस दौरान जिन 40 दिनों के वैध आंकड़े उपलब्ध थे, उन सभी दिनों में शहर का प्रदूषण पाकिस्तान की निर्धारित 24 घंटे की एयर क्वालिटी लिमिट से ज्यादा था. PAQI ने 8 नवंबर की शाम से 10 नवंबर के बीच प्रदूषण के स्तर की तुलना इससे पहले के सात दिनों के इसी समय से भी की. इस दौरान लाहौर में PM2.5 का औसत स्तर 234 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो पहले के मुकाबले 10 फीसदी ज्यादा था.
बॉर्डर से दूर शहरों में ज्यादा खरबा AQI
भारत की सीमा से दूर स्थित पाकिस्तानी शहरों में प्रदूषण का स्तर इससे कहीं ज्यादा बढ़ा. सीमा से करीब 130 किलोमीटर दूर फैसलाबाद और लगभग 180 किलोमीटर दूर मुल्तान में प्रदूषण 40-40 फीसदी बढ़ा. वहीं, कसूर में 27 फीसदी और सियालकोट में 33 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सीमा के पास स्थित चार शहरों- लाहौर, कसूर, सियालकोट और नारोवाल में प्रदूषण का औसत इजाफा 36 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा. इसके मुकाबले फैसलाबाद और मुल्तान में यह बढ़ोतरी 85 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर थी.
PAQI का कहना है कि अगर भारत से आने वाला प्रदूषण ही हवा खराब होने की मुख्य वजह होता, तो आमतौर पर सीमा के नजदीक स्थित इलाकों में इसका असर ज्यादा दिखाई देना चाहिए था. लेकिन आंकड़ों में ऐसा पैटर्न नहीं मिला.
लाहौर की एक स्टील फैक्ट्री से निकलता हुआ धुंआ. (फोटो – AP)
पाकिस्तान ये दावा कर सकता है कि भारत की तरफ से प्रदूषण वाली हवा लाहौर पहुंची. हवा की आवाजाही से जुड़े कुछ आंकड़े इस बात की पुष्टि भी करते हैं कि सीमा पार से हवा आई थी. लेकिन PAQI की रिपोर्ट बताती है कि नई दिल्ली से निकला प्रदूषण लाहौर तक नहीं पहुंचा था. दिल्ली की हवा 10 नवंबर को सुबह 3 बजे के बाद ही रहीम यार खान और बहावलपुर के पास पाकिस्तान में दाखिल हुई. उस समय भी यह लाहौर से करीब 266 किलोमीटर दूर थी.
क्यों फैल रहा है पाकिस्तान में प्रदूषण?
पाकिस्तान के भीतर ही प्रदूषण फैलाने वाले कई बड़े सोर्स मौजूद हैं. ‘हमारी हवा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गाड़ियों का धुआं, फैक्ट्रियां, ईंट भट्टे, बिजली संयंत्र, डीजल जनरेटर, घरों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन और खुले में कचरा जलाना लाहौर में पूरे साल प्रदूषण बढ़ाते हैं. 2020-21 के आंकड़ों पर आधारित अर्बन यूनिट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर में PM2.5 प्रदूषण में परिवहन का हिस्सा करीब 35 फीसदी था. इसके अलावा फसल के अवशेष जलाने से 33 फीसदी, कचरा जलाने से 29 फीसदी और उद्योगों से करीब 3 फीसदी प्रदूषण होता है.
पाकिस्तान में खेतों में पराली और फसल के अवशेष जलाना भी प्रदूषण की एक बड़ी वजह है. PAQI के सैटेलाइट आकलन में 1 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच पाकिस्तानी पंजाब में फसल के अवशेष जलाने की 16,714 संभावित घटनाएं दर्ज की गईं. पूरे प्रांत में आग लगने की कुल 18,825 घटनाएं सैटेलाइट में दिखाई दीं. इनमें से 89 फीसदी को फसल के अवशेष जलाने से जुड़ा माना गया. पांच जिलों- शेखूपुरा, झंग, ओकारा, हाफिजाबाद और गुजरांवाला में ही ऐसी 54 फीसदी घटनाएं दर्ज की गईं.
आंकड़े बताते हैं कि लाहौर में प्रदूषण एक पुरानी और लगातार बनी रहने वाली समस्या है. इसके पीछे कई घरेलू और मौसमी कारण हैं. ऐसे में सिर्फ भारत पर आरोप लगाने के बजाय पाकिस्तान को अपने यहां वाहनों, उद्योगों, कचरा जलाने और पराली से होने वाले प्रदूषण पर भी गंभीरता से काम करना होगा.
