सर्दियों में भी घर पर जमाएं बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही, अपनाएं ये आसान तरीका
Last Updated:
Curd Setting Tips: ठंड के दिनों में फर्मेंटेशन का प्रोसेस बहुत स्लो हो जाता है. ऐसे में यदि आप दही जमा रहे हैं, तो काफी संभावना है कि इसका स्वाद हमेशा की तरह न लगे. हालांकि सर्दियों में भी घर पर गाढ़ी और मलाईदारी दही जम सकती है, लेकिन कुछ जरूर बातों का ध्यान रखना जरूरी है. यहां जानिए ठंड में दही जमाने का आसान तरीका क्या है.
सर्दियों में दही जमाना थोड़ा मुश्किल होता है. ठंड के मौसम में तापमान कम होने की वजह से दूध में जामन डालने के बाद भी दही आसानी से नहीं जमता. कई बार सुबह उठकर देखते हैं तो दूध वैसा ही रहता है या दही ठीक से जमने के बजाय पतला हो जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से दही खरीदकर लाते हैं. लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप घर पर ही बाजार जैसा गाढ़ा, मलाईदार और स्वादिष्ट दही जमा सकते हैं.
इसके लिए आपको न तो किसी खास मशीन की जरूरत है और न ही ज्यादा मेहनत करने की. बस दूध का सही तापमान बनाए रखना और उसे गर्म जगह पर रखने जैसी बातों का ध्यान रखें. अगर आप भी सर्दियों में घर पर अच्छी तरह जमा हुआ दही खाना चाहते हैं, तो इस आसान तरीके को जरूर अपनाएं.
सर्दियों में दही जमाने का आसान तरीका
दूध को अच्छे से उबालें
दही जमाने के लिए सबसे पहले आधा लीटर दूध लें और उसे अच्छी तरह उबाल लें. दूध को उबालने से उसमें मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं और दही जमाने के लिए सही आधार तैयार होता है. दूध उबलने के बाद उसे कुछ देर ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि सर्दियों में दही जमाने के लिए दूध सामान्य दिनों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा गर्म होना चाहिए. हालांकि, दूध इतना गर्म भी न हो कि उसमें डाला गया जामन खराब हो जाए.
कैसरोल में डालें जामन
अब एक कैसरोल या हॉट केस लें. इसमें कमरे के तापमान पर रखा हुआ 2 बड़े चम्मच दही डालें. ध्यान रखें कि जामन वाला दही बहुत ज्यादा ठंडा न हो. अब जामन में करीब एक चौथाई कप हल्का गर्म दूध डालें और चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें. इससे दही का जामन दूध में आसानी से घुल जाएगा और अच्छी तरह फैल जाएगा. अब इस मिश्रण में आधा लीटर हल्का गर्म दूध डालें. इसे गिलास या चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिलाएं, ताकि जामन पूरे दूध में समान रूप से फैल जाए.
गर्म जगह पर रख दें
अब कैसरोल का ढक्कन बंद करके इसे 6 से 8 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें. सर्दियों में आप इसे बंद ओवन या माइक्रोवेव के अंदर भी रख सकते हैं. ध्यान रखें कि ओवन या माइक्रोवेव को चालू करने की जरूरत नहीं है.
फ्रिज में रखकर करें इस्तेमाल
6 से 8 घंटे बाद दही अच्छी तरह जम जाएगा. इसे इस्तेमाल करने से पहले करीब एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. इससे दही और गाढ़ा, सेट और मलाईदार हो जाएगा. इस तरह आप घर पर ही बाजार जैसा गाढ़ा दही तैयार कर सकते हैं.

शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
