शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:27 वार्डों में समितियों की बैठक कराने की तैयारी, पार्षदों को सूचना तक नहीं – Preparations Underway To Hold Committee Meetings In 27 Wards; Councillors Not Even Informed
फतेहाबाद

Fatehabad News:27 वार्डों में समितियों की बैठक कराने की तैयारी, पार्षदों को सूचना तक नहीं – Preparations Underway To Hold Committee Meetings In 27 Wards; Councillors Not Even Informed

November 11, 2026


फतेहाबाद। नगर परिषद ने शहर के सभी 27 वार्डों में वार्ड समितियों की बैठक कराने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए 11 नवंबर की तारीख तय की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को बैठकें सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

हालांकि पार्षदों का कहना है कि उन्हें बैठकों के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। नगर परिषद की ओर से वार्ड समितियों का गठन तो कर दिया गया है लेकिन नियमित बैठकें कराने में लगातार अड़चनें आ रही हैं। इससे पहले भी बैठकों के आयोजन पर विवाद हो चुके हैं।

पिछले महीने नगर परिषद कार्यालय ने दो चरणों में वार्ड समितियों की बैठकें करवाई थीं। इन बैठकों पर पार्षदों ने सवाल उठाए थे। पार्षदों का आरोप था कि बैठकों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्हें समय पर सूचना नहीं दी जाती। इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठकों में मौजूद नहीं रहते। ऐसे में वार्डों की समस्याओं पर प्रभावी चर्चा नहीं हो पाती।

————————

एक अधिकारी-कर्मचारी संभालेगा दो से तीन वार्ड

नगर परिषद ने वार्ड 1 से 27 तक अलग-अलग अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें कनिष्ठ अभियंता, भवन निरीक्षक, सफाई निरीक्षक और लिपिक शामिल हैं। प्रत्येक कर्मचारी को दो या तीन वार्डों की जिम्मेदारी दी गई है।

——————

वार्ड कमेटी की बैठक के बारे में कोई सूचना नहीं है। नगर परिषद प्रशासन को इस बारे में पहले सूचना देनी चाहिए। हर बार खानापूर्ति की जा रही है।

– मोहन लाल नारंग, पार्षद

—————

वार्ड कमेटी की बैठक के बारे में निर्देश दिए गए हैं। कमेटी के सदस्य आपसी सहमति से बैठक रख सकते हैं।

– सुरेश कुमार, ईओ, नगर परिषद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X