शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सादाबाद:थाने के माल मुकदमात वाहनों में लगी भीषण आग, तेज धमाकों से दहला इलाका, आधा घंटे तक धधकते रहे वाहन – Fire In Seized Vehicles At Police Station Sadbad Hathras
हाथरस

सादाबाद:थाने के माल मुकदमात वाहनों में लगी भीषण आग, तेज धमाकों से दहला इलाका, आधा घंटे तक धधकते रहे वाहन – Fire In Seized Vehicles At Police Station Sadbad Hathras

November 11, 2026


Fire In Seized Vehicles At Police Station Sadbad Hathras

थाने में खड़े वाहनों में लगी आग
– फोटो : संवाद

विस्तार

सादाबाद कस्बे में मंगलवार देर रात 11 बजे तहसील रोड पर सादाबाद कोतवाली के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिसकर्मियों के आवास के पास खड़े थाने के माल मुकदमात वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। 

आग की चपेट में आए वाहनों में तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के घरों में रह रहे लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल गाड़ी के साथ मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। 

आग इतनी भीषण थी कि काफी देर तक वाहनों से लपटें उठती रहीं और बीच-बीच में धमाकों की आवाजें भी सुनाई देती रहीं। करीब आधा घंटे तक वाहन आग की लपटों में घिरे रहे। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और स्थिति पर नजर बनाए रखी। घटना के चलते तहसील रोड पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। 

थाने के माल मुकदमात वाहनों में आग लगने की इस घटना से पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों, कितने वाहन इसकी चपेट में आए और कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X