Balrampur News:तीन से छह साल के करीब एक हजार बच्चों को भी मिलेगी स्कूल ड्रेस – Around One Thousand Children Aged Three To Six Years Will Also Receive School Uniforms
बलरामपुर। जिले के 16 पीएम श्री स्कूलों की प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों को भी अब ड्रेस और जूता-मोजा की सुविधा मिलेगी। तीन से छह वर्ष की आयु के करीब एक हजार बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म, जूता-मोजा आदि खरीदने के लिए उनके अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भेजी जाएगी। अभी तक यह सुविधा परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों तक ही सीमित थी। नई व्यवस्था लागू होने से प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएमश्री) योजना के तहत संचालित विद्यालयों से इस व्यवस्था की शुरुआत की जाएगी। जिले के 16 पीएम श्री विद्यालयों की प्री-प्राइमरी कक्षाओं में तीन से छह वर्ष की आयु के करीब एक हजार बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। अब इन बच्चों को भी स्कूल ड्रेस और जूता-मोजा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
बीएसए ने बताया कि प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। आधार से लिंक बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। इसके बाद अभिभावक बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा आदि खरीद सकेंगे। इससे बच्चों को स्कूल में एक जैसी यूनिफॉर्म पहनकर आने का अवसर मिलेगा।
अभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को स्कूल यूनिफॉर्म, जूता-मोजा आदि खरीदने के लिए 1200 रुपये डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। इसी व्यवस्था की तर्ज पर प्री-प्राइमरी के बच्चों को भी यह सुविधा देने की तैयारी की जा रही है।
परिषदीय स्कूलों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को भी प्री-प्राइमरी स्कूलों की तरह विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश से पहले ही स्कूल के माहौल और सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना है। यूनिफॉर्म और अन्य सुविधाएं मिलने से बच्चों में स्कूल आने के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। विभाग ने पीएम श्री स्कूलों की प्री-प्राइमरी कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
