शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बदायूं

Budaun News:नौवीं और दसवीं के विद्यार्थी कर सकेंगे स्वमूल्यांकन – Students In Grades Nine And Ten Will Be Able To Conduct Self-assessment

November 11, 2026


बदायूं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी बनाने की दिशा में माध्यमिक शिक्षा विभाग आगे बढ़ रहा है। इसके तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों का होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इसकी खासियत यह है कि इसमें केवल शिक्षक ही विद्यार्थियों का मूल्यांकन नहीं करेंगे, बल्कि छात्र-छात्राओं को भी स्वयं का आकलन करने का अवसर मिलेगा।

राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड में विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाएगा। अब तक परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन किया जाता रहा है, लेकिन नई व्यवस्था में पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों और व्यक्तिगत क्षमताओं को भी महत्व दिया जाएगा।

इसमें विद्यार्थियों की सहभागिता, रचनात्मकता, व्यवहार और सामाजिक कौशल जैसे पहलुओं को शामिल किया जा सकता है। स्वमूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थी यह समझ सकेंगे कि किन विषयों में उनकी पकड़ मजबूत है और कहां उन्हें अधिक मेहनत करने की जरूरत है। वहीं, शिक्षक भी विद्यार्थियों की कमजोरियों और खूबियों को पहचानकर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन दे सकेंगे। इसका उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझने और सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना है।

इस संबंध में डीआईओएस लालजी यादव ने बताया कि नई व्यवस्था से विद्यार्थियों का मूल्यांकन केवल अंकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास को भी महत्व मिलेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X