शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कन्नौज

Kannauj News:बुखार से युवती की मौत, गांव में दहशत – Young Woman Dies Of Fever; Panic In The Village

November 11, 2026


छिबरामऊ। ग्राम पंचायत मेदेपुर में बुखार बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत है। सोमवार की देर रात बुखार से पीड़ित 23 वर्षीय युवती की कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन के मुताबिक, युवती डेंगू से पीड़ित थी। गांव में एक युवती की मौत के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के अधिकांश घरों में लोग बुखार से पीड़ित हैं।

मेदेपुर निवासी शीलम शाक्य (23) के भाई अनुज शाक्य ने बताया कि छह बहनों और दो भाइयों में शीलम सबसे छोटी थी। उसे बुखार आने पर परिजन कसावा में एक झोलाछाप के यहां आठ दिन तक इलाज कराया। इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ। तबीयत लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।

परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए। वहां एक घंटे तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। अनुज ने बताया कि परिवार में अब वह और बड़े भाई सुधीर ही हैं। पिछले वर्ष पिता श्रीराम का भी निधन हो चुका है। ऐसे में बहन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते गांव में जांच और इलाज की व्यवस्था होती तो लोगों को परेशान नहीं होना पड़ता।

अधिकांश घरों में बुखार के मरीज, स्वास्थ्य शिविर की मांग

पूर्व प्रधान सुरेंद्र शाक्य ने बताया कि गांव के सभी घरों में लोग बुखार से पीड़ित हैं। इससे ग्रामीणों में बीमारी फैलने का भय है। ग्रामीण अभिषेक ने बताया कि कसावा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र पर कभी चिकित्सक नहीं मिलते तो कभी दवा उपलब्ध नहीं रहतीं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में शिविर लगवाने, बुखार पीड़ितों की जांच कराने और उपकेंद्र पर चिकित्सक व पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है।

वर्जन

मेदेपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। झोलाछाप के इलाज करने की शिकायत सही मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

– डॉ. विकास चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X