Ambedkar Nagar News:बंद दुकान में लगी आग, 10 लाख के ऑटो पार्ट्स जले – Fire Breaks Out In A Closed Shop; Auto Parts Worth 10 Lakh Destroyed
हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार में दीपावली की रात एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सिकंदरपुर गांव निवासी मो. ईदू की बाजार में कुमैल ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। आठ नवंबर को शाम करीब छह बजे उनका बेटा कुमैल रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। रात करीब 10 बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने ईदू को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही ईदू दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान का शटर बंद था और अंदर से धुआं निकल रहा था। शटर खोलकर देखा तो दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आ चुका था। ग्रामीणों ने बाल्टी और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ऑटो पार्ट्स समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
ईदू के मुताबिक दुकान में बिजली का कनेक्शन भी नहीं था। ऐसे में आग लगने की वजह समझ से परे है। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
