शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:रूस से दो हिमाचली युवा घर लौटे, तीसरा फंसा – Two Himachali Youths Return Home From Russia; A Third Remains Stranded

November 11, 2026


छह घंटे तक जेल में रखने का भी दावा

सलवाणा और बैजनाथ के एजेंटों पर साढ़े 10 लाख रुपये ऐंठने का आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी

डैहर (मंडी)। रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का शिकार हुए हिमाचल के तीन युवाओं में से दो घर लौट चुके हैं। अब तीसरे युवक मान सिंह की सुरक्षित वापसी को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों को उम्मीद है कि वह भी जल्द स्वदेश लौट आएगा। वहीं, घर पहुंचे हुस्न लाल और कमलेश की आपबीती सामने आने के बाद विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सक्रिय एजेंटों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित युवाओं और उनके परिजनों का आरोप है कि सलवाणा और बैजनाथ के एजेंटों ने तीनों युवकों से करीब साढ़े 10 लाख रुपये लेकर उन्हें रूस भेजा था। प्रत्येक युवक से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये वसूले गए, लेकिन वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया गया। वहां करीब तीन महीने काम करवाने के बाद ठेकेदार ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद युवाओं को खाने और रहने तक के संकट से जूझना पड़ा। घर लौटे युवाओं ने छह घंटे तक जेल में रखे जाने और चार दिन तक भूखे रहने का दावा भी किया है। परिजनों का कहना है कि बड़ी मुश्किल से उन्होंने युवकों को विदेश भेजने के लिए रकम जुटाई थी। अब कर्ज चुकाने के साथ तीसरे युवक की वापसी की चिंता भी सता रही है।

परिजनों ने पूरे मामले में पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप करने और कथित एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाने की तैयारी की है। पूर्व वार्ड सदस्य रवि ठाकुर ने भी विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर युवाओं को ठगने वाले एजेंटों की जांच की मांग की है। उधर, सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने पहले ही स्पष्ट किया है कि पुलिस को अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X