शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:जमीन के लिए रिश्तों का कत्ल, छोटे भाई और भतीजे पर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या का आरोप – Man Beaten To Death By Brother Over Land Dispute In Saharsa
कोसी

बिहार:जमीन के लिए रिश्तों का कत्ल, छोटे भाई और भतीजे पर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या का आरोप – Man Beaten To Death By Brother Over Land Dispute In Saharsa

November 11, 2026


बिहार के सहरसा जिले में जमीन के एक टुकड़े के लिए रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। सौरबाजार थाना क्षेत्र के भेलवा गांव में जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने बेटे के साथ मिलकर बड़े भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से जख्मी बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आंगनबाड़ी सेविका के पति थे मृतक सुनील

मृतक की पहचान भेलवा गांव के वार्ड संख्या-9 निवासी विजेंद्र प्रसाद यादव के 55 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार सुमन के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में बड़े थे। सुनील कुमार के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा लखनऊ में कर्मचारी चयन आयोग विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा सुशांत कुमार पटना में रहकर पढ़ाई करता है। मृतक की पत्नी गांव में ही आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत हैं।

बाउंड्री निर्माण को लेकर मंगलवार को हुआ था विवाद

मृतक के छोटे बेटे सुशांत कुमार ने बताया कि वह दीपावली की छुट्टियों में घर आया हुआ था। मंगलवार को घर के दरवाजे के पास बाउंड्री निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान उसके पिता सुनील कुमार सुमन का अपने छोटे भाई कृष्ण कुमार यादव उर्फ कारी यादव और उनके बेटे विवेक कुमार से विवाद हो गया था।

सुशांत का आरोप है कि विवाद के दौरान चाचा और चचेरे भाइयों ने पथराव कर दिया था, जिससे उसका सिर फट गया और वह जख्मी हो गया। साथ ही, उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले को लेकर उसके पिता ने सौरबाजार थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था।

मॉर्निंग वॉक पर निकले, बगीचे में लहूलुहान मिले

सुशांत के अनुसार, बुधवार सुबह उसके पिता रोज की तरह टहलने के लिए घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित बगीचे की ओर गए थे। काफी देर बाद वह बगीचे में बुरी तरह जख्मी हालत में मिले। जब परिजनों ने उनसे पूछा तो उन्होंने कराहते हुए बताया कि उनके छोटे भाई कारी यादव और भतीजे ने उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटा है। परिजन उन्हें आनन-फानन में सौरबाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें- बिहार: नीतीश कुमार पर कांग्रेस की टिप्पणी के बाद संजय झा का पलटवार, बोले- ऐसी ओछी बात नहीं करनी चाहिए

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे ने अपने चाचा और चचेरे भाई पर पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X