Auraiya News:पूजा कर घर लौट रहीं महिलाओं से मारपीट – Women Assaulted While Returning Home After Performing Worship
बिधूना। कस्बे के पुराना बिधूना स्थित कछपुरा में साई मंदिर से पूजा कर घर लौट रही दो महिलाओं से मारपीट की गई। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज भी की। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे उनके चाचा और भाई को भी हमलावरों ने पीटा।
कछपुरा निवासी शिवांगी गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। बताया कि वह अपनी चाची प्रियंका के साथ साई मंदिर से लौट रही थीं। रात करीब 10 बजे नरेश, दिनेश, वैभव, विकास और आकाश सहित कुछ अज्ञात लोग आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता भी की।
शिवांगी की चीख-पुकार सुनकर उनके चाचा विशाल और भाई राज बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं। इसी दौरान चाचा विशाल की सोने की चेन भी गायब हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
