Amethi News:शादी से इन्कार करने पर किशोरी ने खाया विषाक्त पदार्थ, मौत – Teenage Girl Consumes Toxic Substance After Refusing Marriage; Dies
तिलोई। मोहनगंज के पूरे मालिन मजरे शाहमऊ में प्रेम प्रसंग के बाद युवक के शादी से इन्कार करने से आहत प्रीति (17) की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए चालान भेज दिया।
भागवती ने बताया कि उनकी बेटी प्रीति शनिवार रात घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। घर लौटने पर बेटी घर के बाहर तड़पती मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भागवती ने गांव के ही सुकेश पर बेटी से प्रेम प्रसंग होने और बाद में शादी करने से इन्कार करने का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि युवक के शादी से मुकरने से बेटी परेशान थी। इसी वजह से उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
