शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:छठ पूजा को लेकर घाटों पर शुरू हुआ काम – Work Begins At The Riverbanks For Chhath Puja

November 11, 2026


शहर में बढ़ी हलचल, समितियों ने संभाली तैयारियों की कमान

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में धार्मिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। दिवाली के बाद अब श्रद्धालु सूर्य उपासना के इस पर्व की तैयारी में जुट गए हैं। शहर की अलग-अलग छठ पूजा समितियों ने आयोजन को लेकर जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कहीं पूजा स्थल को तैयार किया जा रहा है तो कहीं घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। एनआईटी से लेकर ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और ग्रेटर फरीदाबाद तक पर्व का उत्साह देखने को मिलेगा। नहर पार के इलाकों में भी छठ पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

सेक्टर-35 में पूजा स्थल तैयार करने की पहल

सेक्टर-35 स्थित रमिति अशोका एन्क्लेव मेन में छठ पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी घाट विकसित किया जा रहा है। निर्माण कार्य की शुरुआत भारतीय प्रवासी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय तिवारी ने फावड़ा चलाकर की। इस दौरान समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक पूजा स्थल तैयार करना प्राथमिकता है। इसके तहत घाट बनाने के साथ आसपास के क्षेत्र की सफाई, आकर्षक सजावट और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। पूजा के दौरान व्रतियों और उनके परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय, जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर और साउथ जोन अध्यक्ष उदय कांत मिश्रा मौजूद रहे। समिति की ओर से लक्ष्मण सिंह, सुबोध, अनिल दास, मनोज सिंह, संजीव तिवारी और हरिशंकर सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

नहाय-खाय से उगते सूर्य को अर्घ्य तक चलेगा पर्व

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करेंगे।

पर्व का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा

13 नवंबर: नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज होगा।

14 नवंबर: व्रती खरना का प्रसाद तैयार कर पूजा करेंगे।

15 नवंबर: शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

16 नवंबर: सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X