मां ने छोड़ा तो खिलौने को बना लिया साथी… अब बना झुंड का सहारा, तस्वीरों में देखिए जापान के बंदर ‘पंच’ की कहानी
मां ने छोड़ा तो खिलौने को बना लिया साथी, अब बना झुंड का सहारा-देखें तस्वीरें
Last Updated:
जापान का बेबी बंदर पंच इस साल सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल होने वाला जीव है. मकाक प्रजाति के इस बंदर को इसकी मां ने ही छोड़ दिया था. जू कीपर ने इसे औरंगुटान का एक टैडी दिया, जो इसका साथी बन गया. उम्र बढ़ने के साथ अब उसने इस खिलौने के साथ रहना छोड़ दिया है और वापस झुंड में एंट्री पा ली है. जापान के इचिकावा सिटी ज़ू की ओर से 2 दिन पहले ही पंच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है.
जापान के इचिकावा सिटी जू में पंच बंदर का जन्म 26 जुलाई 2025 को हुआ था. जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मां ने छोड़ दिया था. वह जब भी झुंड में शामिल होने की कोशिश करता उसे भगा दिया जाता. उसे परेशान देकर जू कीपर ने उसे ओरंगुटान का टैडी दिया. पंच का बचपन उस टैडी के साथ ही बीता. यह बंदर मकाक प्रजाति का था जो लंबे समय तक अपनी मां से चिपके रहते हैं, इससे इनके शारीरिक विकास में मदद मिलती है. मगर पंच को मां की देखरेख नहीं मिल सकी. (फोटो-वीडियोग्रैब/सोशल मीडिया)
पंच का सबसे वायरल वीडियो वही था जिसमें वह टैडी के साथ खेलता नजर आता है. इस खिलौने से पंच को मां के शरीर से चिपके रहने जैसा विकल्प मिला. वह लगातार इस टैडी को अपने साथ ही रखता था, इसे ही लेकर घूमता और उसके साथ ही रहता. जापान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह बिल्कुल उससे ऐसे ही लिपटता था जैसे अपनी मां से लिपटा हो.
उसका वीडियो वायरल होने के बाद दुनियाभर से उसे प्यार मिला. लोगों ने उसके लिए बधाई संदेश भेजे. उसके लिए पैसे जुटाए गए, जिसका लाभ चिड़ियाघर के अन्य जीवों को भी मिला. एक रिपोर्ट के मुताबिक इस फंड से तकरीबन 5.8 करोड़ येन जुटाए गए थे. जुलाई में एक साल का होने पर चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से उसका एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें वह बड़ा होता नजर आ रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से 8 नवंबर को एक और वीडियो जारी किया गया है, इसमें वह अन्य बंदरों के साथ दिखाई दे रहा है. यानी पंच अब बड़ा हो गया है और उसने झुंड में अपना स्थान वापस पा लिया है. वह झुंड में छोटे बंदरों को सहारा देता भी नजर आ रहा है, उनके साथ खेल भी रहा है.
जापानी मकाक को स्नो मंकी भी कहा जाता है. इसकी खासियत यह है कि यह दुनिया में प्राकृतिक रूप से रहने वाले बंदरों की सबसे उत्तरी आबादी में शामिल है. ये मुख्य रूप से जापान के होंशू, शिकोकू और क्यूशू द्वीपों में पाए जाते हैं. सर्दियों में इनके रहने वाले कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी होती है और तापमान शून्य से काफी नीचे चला जाता है. इनके शरीर पर घने बाल होते हैं, जो ठंड से बचाने में मदद करते हैं. इंसानों की तरह ये भी अलग-अलग तरह के वातावरण में खुद को ढाल लेते हैं.
पंच को जब दूसरे बंदरों के समूह में शामिल किया गया तो उसे वहां के सामाजिक नियमों के मुताबिक खुद को ढालना पड़ा. जापानी मकाक झुंड में रहते हैं और उनके समाज में एक निश्चित हरारकी होती है. इस व्यवस्था में हर बंदर की सामाजिक स्थिति होती है. ऊंचे दर्जे वाले बंदरों को भोजन और दूसरी सुविधाओं तक पहुंच में प्राथमिकता मिल सकती है.
