शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:मेडिकल स्टोर में आग, पांच मंजिला टावर में फैला जहरीला धुआं, फ्लैटों में फंसे लोगों को ऐसे निकाला गया – Ujjain: Fire Breaks Out In A Medical Store; Toxic Smoke Spreads Through A Five-story Building
उज्जैन

उज्जैन:मेडिकल स्टोर में आग, पांच मंजिला टावर में फैला जहरीला धुआं, फ्लैटों में फंसे लोगों को ऐसे निकाला गया – Ujjain: Fire Breaks Out In A Medical Store; Toxic Smoke Spreads Through A Five-story Building

November 11, 2026


उज्जैन शहर के पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पांच मंजिला बागड़िया टावर में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक मेडिकल स्टोर से शुरू हुई आग और उससे उठे घने धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण इमारत में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत 15 से अधिक लोग फंस गए। हालांकि, पुलिस, प्रशासन, दमकलकर्मियों और स्थानीय युवाओं के साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत बड़ा हादसा टल गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एमपी मेडिकल स्टोर में लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण आग का धुआं वेंटिलेशन चैंबर के रास्ते तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। देखते ही देखते पांच मंजिला इमारत में घना धुआं भर गया और वहां मौजूद 15 से अधिक लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी प्रदीप शर्मा की मौजूदगी में तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। धुएं से बेहाल लोगों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां लगाई गईं और लोहे की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

धुआं अत्यधिक बढ़ने पर कोतवाली टीआई दीनबंधु तोमर चार पुलिसकर्मियों के साथ टावर की छत पर पहुंचे और वहां शरण लिए लोगों का हौसला बढ़ाया। फायरमैन अभिषेक तिवारी ने अपनी जान जोखिम में डालकर कैंसर पीड़ित एक महिला और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद निचली मंजिल पर फंसी महिलाओं को बचाने के दौरान अत्यधिक धुएं के कारण फायरमैन का दम घुटने लगा, लेकिन टीम के सहयोग से बचाव अभियान जारी रखा गया।

पढे़ं: इंदौर बना मेंटर, देपालपुर ने भी मारी बाजी; उज्जैन-देवास-रीवा ने भी हासिल की उपलब्धि

स्थानीय युवाओं ने पेश की इंसानियत की मिसाल

प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय रहवासियों और युवाओं ने मोर्चा संभाल लिया। स्थानीय निवासी मोहम्मद शाहिद और उनके साथियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने 3-4 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा।

वहीं, इरफान राइन और मिल्कीपुरा के रहवासियों ने झूले, सीढ़ियों और पेंटरों के उपकरणों की मदद से लोगों को फ्लैटों से बाहर निकाला। उन्होंने छत और इमारत के पिछले हिस्से से भी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय युवाओं के इस साहसिक प्रयास की लोगों ने सराहना की।

कोई जनहानि नहीं, स्थिति नियंत्रण में

सांसद अनिल फिरोजिया, क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और पुलिस प्रशासन ने पुष्टि की कि इस भीषण अग्निकांड में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी झेल रहे कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों और क्रेन की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ स्थानीय लोगों ने जिस तत्परता और साहस का परिचय दिया, उससे बागड़िया टावर में फंसे 15 से अधिक लोगों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X