Panchkula News:त्योहारी सीजन में भी कालका की सफाई व्यवस्था बदहाल, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर – Even During The Festive Season, The Sanitation System In Kalka Remains In A Poor State, With Piles Of Garbage Scattered Everywhere
गांधी चौक और हाउसिंग बोर्ड में दोपहर तक लगे रहे कूड़े के ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। त्योहारी सीजन के बावजूद कालका शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में रोष है। बुधवार को गांधी चौक और हाउसिंग बोर्ड सहित कई क्षेत्रों में दोपहर तक कूड़ा पड़ा रहा। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण दुकानदारों और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांधी चौक के दुकानदारों का कहना है कि दुकानों के आसपास गंदगी के कारण बैठना मुश्किल हो गया है। इससे उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। हैरानी की बात है कि इसी रास्ते से अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से नियमित सफाई करवाने और कूड़े का समय पर उठान सुनिश्चित करने की मांग की है।
