Budaun News:रेत के टीलों को हटाकर मड पंपों से किया जाएगा उपधारा का जलस्तर बढ़ाने का प्रयास – Efforts Will Be Made To Raise The Water Level Of The Sub-channel By Removing Sand Dunes Using Mud Pumps
कादरचौक। 17 नवंबर से झंडी पूजन के साथ ककोड़ा मेला शुरू हो जाएगा। इस बीच गंगा की उपधारा का जलस्तर सूखने से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार के निर्देश पर जेई ने तकनीकी टीम के साथ जलस्तर बढ़ाने के लिए मुख्य धारा तक का सर्वे किया। अब रेत के टीलों को हटाकर मुख्य धारा से मड पंपों के जरिये पानी लाकर उपधारा का जलस्तर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
बुधवार को टीम के साथ सर्वे करने पहुंचे जूनियर इंजीनियर मुजीब खान ने बताया कि गंगा की उपधारा में घटते जलस्तर को बढ़ाने के लिए मड पंप से पानी पहुंचाने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। मुख्य धारा और उपधारा के बीच रेत के टीले पानी के प्रवाह में बाधा बन रहे हैं। इन टीलों को हटाकर मुख्य धारा से पानी उपधारा तक पहुंचाने का रास्ता साफ कराया जाएगा। इसमें मड पंप के माध्यम से मुख्य धारा का पानी उपधारा में पहुंचाकर स्नान घाट पर जलस्तर बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। इससे कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
खबर का संज्ञान लेकर पहुंची टीम
अमर उजाला में बुधवार के अंक में ही ‘ककोड़ा मेला नजदीक, घाट पर सूखने लगी मां गंगा की उपधारा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। खबर का संज्ञान लेकर ही जिला पंचायत की टीम सर्वे करने पहुंची। अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को जेई से सर्वे कराया गया है। उपधारा तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मड पंप भी मंगा लिया गया है।
पांच साल पहले भी सूख गई थी उपधारा
पांच वर्ष पहले 2021 में भी मेला में गंगा की उपधारा में पानी कम होने की ऐसी ही स्थिति बनी थी। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी दीपा रंजन और एसएसपी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर मेला स्थल का निरीक्षण कर पानी की स्थिति और मेला आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान का जायजा लिया था, तब उपधारा को पाटकर मुख्य धारा पर मेला लगाया गया था।
मेले में 525 हैंडपंप, 790 शौचालयों की व्यवस्था
श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुविधाओं के लिए पेयजल और शौचालय की व्यापक व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में 525 हैंडपंप लगेंगे। 790 शौचालय, नौ मोबाइल शौचालय और 20 सामुदायिक शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर सुविधाओं का उपयोग अलग-अलग सेक्टरों में किया जाएगा। पेयजल आपूर्ति और सड़कों पर पानी के छिड़काव के लिए 19 टैंकर लगाए गए हैं। इन टैंकरों से मेला क्षेत्र में पेयजल पहुंचाने के साथ धूल से राहत दिलाने के लिए सड़कों पर छिड़काव भी किया जाएगा।
–
50 सीसीटीवी कैमरे करेंगे मेला क्षेत्र की निगरानी
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, आवागमन के रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में कैमरों की मदद ली जाएगी। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के लिए सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती रहेगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा निगरानी को बेहतर बनाने की योजना है।
420 कर्मियों पर सफाई की जिम्मेदारी, 150 कूड़ेदान भी लगेंगे
नगर पालिका और नगर पंचायतों के 120 सफाई कर्मी मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा डीपीआरओ की ओर से 300 सफाई कर्मियों को लगाया जाएगा। कुल 420 सफाई कर्मियों के माध्यम से मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संचालित की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ कूड़े का निस्तारण भी चुनौतीपूर्ण होगा। इसके लिए मेला क्षेत्र में 150 कूड़ेदान लगाए जाएंगे।

ककोड़ा मेला में विद्युत लाइन के लिए खंभा लगाते कर्मचारी। संवाद– फोटो : सांकेतिक

ककोड़ा मेला में विद्युत लाइन के लिए खंभा लगाते कर्मचारी। संवाद– फोटो : सांकेतिक
