सोनभद्र। स्वदेशी जागरण मंच के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती जिले में मनाई गई। इस अवसर पर चिचलिक के ऐतिहासिक मेले और रॉबर्ट्सगंज स्थित संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण, स्वदेशी विचारधारा, श्रमिक हितों, संगठन निर्माण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित समारोह में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक एवं काशी प्रांत के सह-विचार विभाग प्रमुख डॉ. गोपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी कुशल संगठनकर्ता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। भारत को आर्थिक संकट से उबारने और स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना की। मजदूरों और किसानों के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज देने के लिए भी संगठनों का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि ठेंगड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा और भारत के उत्थान के लिए समर्पित रहा। सादा जीवन और उच्च विचार उनके प्रमुख आदर्श थे। कार्यकर्ताओं के निर्माण और संगठन के विस्तार में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। इस दौरान योगेश सिंह, ज्योति कुशवाहा, अविनाश शुक्ला, रवि यादव, प्रदीप सिंह और प्रेमनाथ मौजूद रहे। वहीं, चिचलिक के ऐतिहासिक मेले में स्वावलंबी भारत अभियान सोनभद्र के बैनर तले जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला समन्वयक रवि प्रकाश चौबे ने किया। उपस्थित लोगों ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक सत्य प्रताप सिंह, रमेश सिंह पटेल, पार्थ सारथी किरीट, बालेश्वर सिंह, प्रयाग गिरि जी महाराज (मौनी बाबा), बाबू गिरी जी महाराज, सूर्य प्रकाश सिंह और अनुराग पांडेय आदि मौजूद रहे।