सूर्योदय से सूर्यास्त तक मिली सुविधा, बनीखेत समेत आसपास के रूटों पर महिलाओं को राहत
भाइयों को तिलक लगाने पहुंचीं बहनों ने बनीखेत समेत आस-पास के रूटों पर उठाया लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। भाई दूज पर भाइयों के माथे पर तिलक सजाने की राह इस बार बहनों के लिए आसान रही। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की साधारण बसों में बुधवार को महिलाओं ने बिना किराया चुकाए सफर किया।
बनीखेत से चंबा, पठानकोट, खैरी, बगढार, रंगड़ और मेल समेत आसपास के रूटों पर दिनभर महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठाती रहीं। प्रदेश सरकार की ओर से सूर्योदय से सूर्यास्त तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई थी।
रीता देवी, विमला देवी, पिंकी देवी और आरती देवी ने बताया कि भाई दूज पर भाइयों को तिलक लगाने और परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए उन्हें घर से बाहर जाना पड़ा। ऐसे में निशुल्क बस सेवा से आने-जाने का खर्च बचा। त्योहार पर सरकार की यह सुविधा महिलाओं के लिए काफी राहत देने वाली रही। प्रदेश सरकार रक्षाबंधन और भाई दूज पर महिलाओं को एचआरटीसी की साधारण बसों में निशुल्क सफर की सुविधा देती है।