हाथीनाला। पंचमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हनुमान जी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के महंत हरिनारायण दास जी महाराज ने बताया कि दीपावली के दूसरे दिन छप्पन भोग अर्पित कर भगवान की आराधना की जाती है। इस परंपरा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला से है। मान्यता है कि जब इंद्र ने क्रोधित होकर मूसलाधार बारिश की, तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर उठाकर भक्तों की रक्षा की और इंद्र का घमंड चूर किया। तभी से गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा चली आ रही है। मंदिर में सब्जियां, दाल, चावल, पूड़ी, कढ़ी, मिठाइयां और फल सहित 56 प्रकार के व्यंजन तैयार कर हनुमान जी को अर्पित किए गए। इस दौरान देश और समाज के कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी, ईश्वर जायसवाल, नीरज पाठक, राजेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।