Kia की मेगा प्लानिंग! ₹18,800 करोड़ लगाकर बना रही एक और प्लांट; 12 हजार नई वैकेंसी
Last Updated:
Kia India ने भारत में अपने कारोबार को नई रफ्तार देने के लिए बड़ा दांव खेला है. कंपनी आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने जा रही है, जिस पर 18,800 करोड़ रुपये खर्च होंगे. खास बात ये है कि यहां पेट्रोल-डीजल कारों के साथ इलेक्ट्रिक मॉडल भी बनाए जाएंगे. नया प्लांट 2030 से प्रोडक्शन शुरू करेगा. जानिए इसकी क्षमता, निवेश, रोजगार और किआ की भविष्य की कारों से जुड़ी पूरी डिटेल.
Kia इंडियन मार्केट में दूसरा प्लांट शुरू करने जा रही है.
Kia India ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ एक MoU साइन करते हुए अनंतपुर में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का ऐलान किया है. इस प्रोजेक्ट में किआ और उसके सप्लायर पार्टनर्स कुल मिलाकर 2 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 18,800 करोड़ रुपये) का निवेश करेंगे. नया प्लांट 2030 की शुरुआत में प्रोडक्शन शुरू करेगा और सालाना 2 लाख यूनिट की क्षमता रखेगा. इससे कंपनी की भारत में कुल सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 6.30 लाख यूनिट हो जाएगी.
प्लांट और सप्लायर ऑपरेशंस के लिए कुल 465 एकड़ जमीन का इस्तेमाल होगा. कंपनी का अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट से करीब 12,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. नया प्लांट स्टैंपिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और असेंबली जैसे चार बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस को कवर करेगा, जो मौजूदा अनंतपुर प्लांट में भी चल रही हैं. ये विस्तार कंपनी की भारत में मजबूत प्रजेंस और एक्सपोर्ट कैपेसिटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
नए प्लांट की क्षमता और रोजगार
नया प्लांट मौजूदा 4.30 लाख यूनिट की क्षमता को लगभग 47 प्रतिशत बढ़ाकर कुल 6.30 लाख यूनिट कर देगा. मौजूदा प्लांट 945 एकड़ में फैला है और 24,237 प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष नौकरियां देता है. दोनों प्लांट्स मिलाकर किआ और सप्लायर का कुल निवेश 5 अरब डॉलर (करीब 47,000 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकता है.
मॉडल और पावरट्रेन
दूसरा प्लांट इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के नए मॉडल बनाएगा. फिलहाल कंपनी ने मॉडल के नाम नहीं बताए हैं. मौजूदा प्लांट में सेल्टोस, सोनेट, साइरस, कैरेंस, कैरेंस क्लेविस, कार्निवल और सोरेंटो जैसे मॉडल बन रह हैं. इनमें साइरस ईवी, कैरेंस क्लेविस ईवी, सीएनजी वेरिएंट और सोरेंटो हाइब्रिड भी शामिल हैं.
कंपनी ने क्या कहा?
किआ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ग्वांग्गु ली ने कहा कि दूसरा प्लांट मांग के अनुसार फ्लेक्सिबिलिटी बढ़ाएगा और नए मॉडल लाने में मदद करेगा. ये भारत और विदेशी बाजारों के लिए काम करेगा. कंपनी का लक्ष्य 2030 तक सालाना 4.10 लाख यूनिट बिक्री और 7.6 प्रतिशत मार्केट शेयर हासिल करना है. इसमें आठ इलेक्ट्रिफाइड मॉडल (हाइब्रिड और बैटरी ईवी) शामिल होंगे. सेल्टोस हाइब्रिड 2027 में और सोनेट व कैरेंस के हाइब्रिड 2029 तक आने की उम्मीद है.

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…
और पढ़ें
