Kannauj News:16 से 30 नवंबर तक नागरिक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना – From November 16 To 30, Citizens Will Be Able To Conduct Self-enumeration From The Comfort Of Their Homes
कन्नौज। जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता के लिए जिले में गुरुवार को दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जनसंख्या गणना की प्रश्नावली की दो लाख प्रतियां तैयार कराई गई हैं। इन प्रश्नावलियों को प्रगणकों के द्वारा आवंटित गणना ब्लॉकों में परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। ताकि प्रत्येक परिवार अपनी आवश्यक जानकारी पहले से ही प्रश्नावली में दर्ज करके तैयार रख सकें।
प्रमुख जनगणना अधिकारी, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि इससे स्व-गणना के दौरान ऑनलाइन पोर्टल पर विवरण भरने में सुविधा होगी तथा प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाने वाली जनसंख्या गणना का कार्य भी अधिक बेहतर ढंग से हो सकेगा। प्रथम जागरूकता कार्यक्रम राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में आयोजित किया गया। इसमें ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों को जनगणना के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा जनगणना जिला प्रभारी अंशू साहू मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनर सस्मित द्विवेदी एवं मृदुल मिश्रा ने स्व-गणना की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी तथा जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में जानकारी दी। इसी प्रकार कलक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला पर्यटन अधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें होटल, गेस्ट हाउस एवं मैरिज हॉल के स्वामियों तथा संचालकों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण एवं स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को भी इसकी जानकारी दें। बताया कि जिले में 16 से 30 नवंबर तक आमजन आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी स्व-गणना कर सकेंगे।
इस दौरान परिवार से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करने, निवास स्थान की सही जियो-टैगिंग करने तथा स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त होने वाली एसई-आईडी को सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया। यह एसई-आईडी बाद में प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी। बताया गया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
