शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कोटा:जेके लोन अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक और ‘मां’ ने तोड़ा दम, अब तक 11 – Kota: 11th Woman Dies After C-section, Raising Fresh Questions Over Hospital Care And Patient Safety
कोटा

कोटा:जेके लोन अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक और ‘मां’ ने तोड़ा दम, अब तक 11 – Kota: 11th Woman Dies After C-section, Raising Fresh Questions Over Hospital Care And Patient Safety

November 12, 2026


Kota: 11th Woman Dies After C-Section, Raising Fresh Questions Over Hospital Care and Patient Safety

अब तक 11 प्रसूताओं की मौत

विस्तार

सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोटा में एक बार फिर एक प्रसूता की मौत ने सरकारी अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्था और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच अब तक 11 प्रसूताएं अपनी जान गंवा चुकी हैं लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।

ताजा मामला कोटा के जेके लोन अस्पताल से जुड़ा है। मृतका प्रीति ने दीपावली के दिन जेके लोन अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद परिवार में खुशियां थीं लेकिन ये खुशियां ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकीं। ऑपरेशन के बाद से ही प्रीति की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई और जांच में किडनी फेल होने की बात सामने आई। इसके बाद चिकित्सकों की ओर से बेहतर उपचार के लिए प्रीति को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद प्रीति की जान नहीं बचाई जा सकी। एक नवजात बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की किडनी फेल होने के मामले लगातार क्यों सामने आ रहे हैं? क्या इन मौतों के पीछे कोई चिकित्सकीय कारण है या फिर उपचार में कहीं कोई चूक हो रही है? इन सवालों के जवाब अब तक सामने नहीं आ पाए हैं। वहीं आंकड़ों पर नजर डालें तो मई महीने में पांच, अक्टूबर में चार और नवंबर में अब तक दो प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। यानी कुल 11 महिलाओं की जान जा चुकी है। लगातार हो रही मौतों के बावजूद अस्पताल प्रशासन डैमेज कंट्रोल करने में नाकाम साबित होता दिखाई दे रहा है। 

ये भी पढ़ें: उदयपुर: मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम, चार जनवरी को आएगी अंतिम सूची

हैरानी की बात यह भी है कि एक तरफ प्रसूताओं की लगातार मौतों के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जेके लोन अस्पताल को सम्मान भी मिल चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि सम्मान और पुरस्कारों के बीच मरीजों की सुरक्षा और उपचार की गुणवत्ता को लेकर जवाबदेही कौन तय करेगा?

प्रसूताओं की मौत के बीच अस्पतालों को मिली क्लीन चिट

आपको बता दें कि इसी साल मई के महीने में सिजेरियन के बाद 12 प्रसूताओं की किडनी फेल हुई थी। इनमें से पायल, ज्योति, पिंकी, प्रिया और शिरीन की मौत हो गई। वहीं अक्टूबर महीने में 4 प्रसूताओं ने सिजेरियन के बाद दम तोड़ दिया। इनमें 16 अक्टूबर को रेशमा, 23 अक्टूबर को शबनम बानो और 27 अक्टूबर को रसु भील की मौत हुई थी। इस महीने नवंबर की बात करें तो 9 नवंबर को पुष्पा बैरवा ने दम तोड़ा, वहीं आज एक और प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूताओं की लगातार हो रही मौतों ने एक बार फिर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को निशाने पर ला दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X